बंद फैक्ट्री में सुरक्षाकर्मी का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

खबर शेयर करें -


भतीजा व एक अन्य कर्मचारी लापता, सीसीटीवी कैमरे मिले बंद

 

राजू अनेजा,काशीपुर। निकटवर्ती क्षेत्र महुआखेड़ा गंज स्थित बंद पड़ी एक फैक्ट्री में  सुरक्षाकर्मी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का मुआयना कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के जनपद बुलंदशहर के ग्राम सैदपुरा निवासी 48 वर्षीय करमवीर सिंह पुत्र रंजीत सिंह के रूप में हुई है। वह महुआखेड़ा गंज स्थित बंद फैक्ट्री में सुरक्षाकर्मी के रूप में तैनात था और फैक्ट्री परिसर में ही रह रहा था।
रविवार सुबह किसी राहगीर ने फैक्ट्री के मुख्य गेट के पास शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की तो फैक्ट्री परिसर में लगे तीनों सीसीटीवी कैमरे बंद मिले। पूछताछ में सामने आया कि उनकी डीवीआर काफी समय से खराब थी, जिससे घटना से जुड़ा कोई फुटेज नहीं मिल सका।
पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा। वहां पहुंचे मृतक के बेटे रिंकू ने बताया कि उसके पिता के साथ उनके चाचा योगेंद्र सिंह का बेटा अपरांत और एक अन्य व्यक्ति ओमपाल भी उसी फैक्ट्री में सुरक्षा गार्ड का काम करते थे। घटना के बाद से अपरांत और ओमपाल लापता बताए जा रहे हैं। हालांकि अपरांत का मोबाइल फोन घटनास्थल पर मिला, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
रिंकू ने अपने पिता की हत्या की आशंका जताई है। परिजनों के अनुसार करमवीर सिंह दो भाइयों में बड़े थे। परिवार गांव सैदपुरा में रहता है। उनके बच्चे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, जबकि बेटी की शादी हो चुकी है। करमवीर सिंह महीने में एक-दो बार घर आते थे।
पैगा चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि लापता भतीजे और दूसरे कर्मचारी की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर अन्य सुराग जुटाने में लगी है।

अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

यह भी पढ़ें 👉  नगर के प्रमुख समाजसेवी एवं वरिष्ठ व्यापारी सुरेंद्र छाबड़ा ने सभी व्यापारियों एवं क्षेत्र वासियों को दी रंगों के महापर्व होली की शुभकामनाएं

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें