पिथौरागढ़: धारचूला में तैनात फौजी की साथी ने कृपाण घोंपकर की हत्या; आगरा में उपचार के दौरान तोड़ा दम

खबर शेयर करें -

पिथौरागढ़/आगरा: उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ के धारचूला क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ सेना के बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (BRO) में तैनात एक फौजी की उसके ही साथी ने हत्या कर दी। मृतक फौजी चंद्रवीर चौधरी उत्तर प्रदेश के गोंडा क्षेत्र के ग्राम श्याममढ़ी के निवासी थे। आरोप है कि मामूली कहासुनी के बाद साथी फौजी ने चंद्रवीर के पेट में कृपाण घोंप दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बुधवार रात आगरा के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

यह भी पढ़ें 👉  गौला नदी के गेटों पर परिवहन विभाग की बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक: आरटीओ में सरेंडर वाहन ढो रहे थे अवैध खनन, 5 ओवरलोडेड डंपर सीज और 50 के चालान

कहासुनी के बाद किया जानलेवा हमला

जानकारी के अनुसार, चंद्रवीर चौधरी बीआरओ में ऑपरेटर इंजीनियरिंग मशीन (OEM) के पद पर कार्यरत थे और एक माह पहले ही उनकी तैनाती धारचूला में हुई थी। घटना 11 मई की दोपहर करीब 12 बजे की है, जब तवाघाट-सोबला रोड पर कार्य चल रहा था। इसी दौरान साथी फौजी विजय सिंह से उनकी किसी बात पर बहस हो गई। गुस्साए विजय ने अचानक कृपाण निकालकर चंद्रवीर के पेट पर प्रहार कर दिया। खून से लथपथ चंद्रवीर को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें आगरा ले आए।

यह भी पढ़ें 👉  खटीमा में खिलाड़ियों का जलवा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चौहान सेल्फ डिफेंस अकादमी के पदक विजेताओं को किया सम्मानित; उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं

इलाज के दौरान मौत, आरोपी गिरफ्तार

मृतक के भाई पवन कुमार, जो उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल हैं, ने बताया कि पिथौरागढ़ में समुचित इलाज न मिल पाने के कारण उन्हें आगरा शिफ्ट किया गया था, जहाँ उन्होंने आखिरी सांस ली। परिजनों ने घटना की जानकारी सैन्य अधिकारियों को दी। पिथौरागढ़ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से हुई बातचीत के अनुसार, आरोपी फौजी विजय सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। फौजी की मौत की खबर से उनके पैतृक गांव श्याममढ़ी में मातम पसरा हुआ है।

यह भी पढ़ें 👉  रुद्रपुर पुलिस लाइन में भीषण आगजनी: सीज और लावारिस वाहनों के यार्ड में भड़की आग; रिक्रूट जवानों और दमकल की 5 गाड़ियों ने आधे घंटे में पाया काबू, 40 बाइकें स्वाहा