टिहरी हादसा: पिता को मुखाग्नि देकर लौट रहे बेटे की भी मौत, गमगीन नेलचामी पट्टी के 8 घरों में नहीं जले चूल्हे

खबर शेयर करें -

घनसाली/टिहरी (24 अप्रैल 2026): नियति का क्रूर मजाक देखिए कि जिस परिवार में कल एक बुजुर्ग की अंत्येष्टि का शोक था, आज वहां उसी के जवान बेटे सहित आठ अन्य लोगों के पार्थिव शरीर पहुँच रहे हैं। टिहरी के चंबा-कोटी कॉलोनी मार्ग पर गुरुवार को हुए मैक्स कैंपर हादसे ने घनसाली क्षेत्र की नेलचामी पट्टी में ऐसा कोहराम मचाया है कि हर आंख नम है और कई गांवों में चूल्हे तक नहीं जले।

एक अंतिम विदाई के बाद थम गई आठ जीवन यात्राएं

चकरेडा गांव के संपत लाल का बुधवार को निधन हो गया था। उनके बेटे प्रेमलाल अपने सगे-संबंधियों और ग्रामीणों के साथ पिता के पार्थिव शरीर को अंतिम विदाई देने ऋषिकेश गए थे। परंपराओं का निर्वहन कर सभी लोग घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में नैल के पास वाहन खाई में गिर गया। इस हादसे में पिता को मुखाग्नि देने वाले प्रेमलाल की भी मौत हो गई। प्रेमलाल अपने पीछे दो बेटों को छोड़ गए हैं, जिन पर अब दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

यह भी पढ़ें 👉  गदरपुर: पत्नी से विवाद के बाद युवक ने फंदे से लटककर दी जान, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

18 वर्षीय अंकित के सिर से उठा पिता का साया

हादसे की एक और मार्मिक दास्तां ग्राम ठेला से सामने आई है। यहाँ के 18 वर्षीय युवक अंकित ने इस दुर्घटना में अपने पिता आशा लाल को खो दिया। जो अंकित एक बुजुर्ग ग्रामीण की अंत्येष्टि में शामिल होने गया था, उसे क्या पता था कि वापसी में उसे अपने ही पिता को मुखाग्नि देनी पड़ेगी।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: नगर निगम कर्मचारी ने संदिग्ध परिस्थितियों में की आत्महत्या, फंदे से लटका मिला शव; जांच में जुटी पुलिस

यातायात सुरक्षा पर गंभीर सवाल

इस दुर्घटना ने पहाड़ी क्षेत्रों की सड़क सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है:

  • खतरनाक ‘ब्लैक स्पॉट’: स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले वर्ष भी इसी स्थान पर चंबा के व्यापारी अजय रावत की कार दुर्घटनाग्रस्त हुई थी।

  • नाकाम साबित हुए पैराफिट: पिछले हादसे के बाद प्रशासन ने यहाँ सुरक्षा के लिए पैराफिट लगाए थे। लेकिन कल जब वाहन अनियंत्रित हुआ, तो वह पैराफिट को उखाड़ता हुआ सीधे खाई में जा गिरा। इससे पैराफिट की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर सवाल उठ रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  टिहरी में भीषण सड़क हादसा: खाई में गिरी यूटिलिटी, 8 यात्रियों की मौत, जिला प्रशासन मौके पर

जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, घनसाली विधायक शक्ति लाल शाह और टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने इस घटना को अपूरणीय क्षति बताते हुए शोक व्यक्त किया है। जिला पंचायत सदस्य अनुज लाल शाह ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता देने और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।