तहसीलदार पंकज चंदोला की बड़ी कार्रवाई, पॉलीथिन माफिया पर कसा शिकंजा; 40 किलो प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त, दुकानदार पर जुर्माना

खबर शेयर करें -

 

राजू अनेजा, काशीपुर। शहर में प्रतिबंधित पॉलीथिन के अवैध कारोबार पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। तहसीलदार पंकज चंदोला के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने मोहल्ला अल्ली खां स्थित एक दुकान पर छापेमारी कर करीब 40 किलो प्रतिबंधित पॉलीथिन बरामद की। भारी मात्रा में पॉलीथिन मिलने से हड़कंप मच गया। टीम ने मौके पर पूरी खेप जब्त कर दुकानदार पर पांच हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया।

प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि मोहल्ला अल्ली खां निवासी मो. शाकिर अपनी दुकान में प्रतिबंधित पॉलीथिन का बड़ा स्टॉक रखकर शहर के कई छोटे दुकानदारों तक इसकी सप्लाई कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार पंकज चंदोला ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ संयुक्त टीम गठित की और बिना किसी पूर्व सूचना के दुकान पर दबिश दी।

यह भी पढ़ें 👉  पैसों के लालच में मां ने ही किया 15 साल की बेटी का सौदा: पूरी रकम न मिलने पर गढ़ी अपहरण की झूठी कहानी, 4 गिरफ्तार

छापेमारी के दौरान दुकान की बारीकी से तलाशी ली गई। जांच में चार कट्टों में भरी करीब 40 किलो प्रतिबंधित पॉलीथिन बरामद हुई। टीम ने तत्काल पूरी खेप को जब्त कर नगर निगम के कब्जे में जमा करा दिया। मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ कार्रवाई देखने के लिए जुट गई और इलाके में प्रशासनिक कार्रवाई चर्चा का विषय बन गई।

यह भी पढ़ें 👉  यूं ही नहीं कोई कमलेश चंदोला बन जाता है... सेवा, संघर्ष और समर्पण की कहानी

नगर निगम ने पर्यावरण संरक्षण अधिनियम और प्रतिबंधित पॉलीथिन संबंधी नियमों के तहत दुकानदार मो. शाकिर पर ₹5,000 का जुर्माना लगाया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित पॉलीथिन का निर्माण, भंडारण, बिक्री और उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद यदि कोई नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई में नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर गणेश ध्यानी, इकबाल हुसैन, मुकर्रम अली समेत नगर निगम का अमला मौजूद रहा। पूरी कार्रवाई तहसीलदार पंकज चंदोला की निगरानी में संपन्न हुई।

 

अभियान रहेगा जारी

तहसीलदार पंकज चंदोला ने कहा कि शहर को पॉलीथिन मुक्त बनाने के लिए प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है। प्रतिबंधित पॉलीथिन का कारोबार पर्यावरण के साथ-साथ मानव स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा है। उन्होंने व्यापारियों से नियमों का पालन करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में भी शिकायत मिलने पर इसी तरह अचानक छापेमारी की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  बिंदुखत्ता के जनता इंटर कॉलेज में टाटा मोटर्स के सहयोग से पौधरोपण: विद्यालय प्रबंधन समिति और पूर्व सैनिकों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
Ad