
राजू अनेजा,काशीपुर। सावन के पावन महीने में मानपुर रोड स्थित उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज का मैदान शुक्रवार को मेले की रंग-बिरंगी रौनक से गुलजार हो उठा। यहां आयोजित हिंदुस्तान अखबार महोत्सव मेले का महापौर दीपक बाली ने फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। मेले में झूले, बच्चों के मनोरंजन के खेल-खिलौने, खानपान और खरीदारी के आकर्षक स्टाल लोगों के लिए खासा आकर्षण का केंद्र बने हैं।
लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखते हैं ऐसे आयोजन : बाली
उद्घाटन अवसर पर महापौर दीपक बाली ने कहा कि मेले केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक विरासत को जीवंत रखने का सशक्त माध्यम भी हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में उत्साह बढ़ता है और लोगों को परिवार के साथ मिलकर खुशियां बांटने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि सावन माह की अपनी विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता है। ऐसे में हिंदुस्तान परिवार की ओर से आयोजित यह महोत्सव काशीपुरवासियों के लिए मनोरंजन के साथ ही आपसी मेलजोल और भाईचारे का भी अवसर है।
परिवार के साथ आएं, मेले का उठाएं भरपूर आनंद
महापौर ने क्षेत्र की जनता और काशीपुरवासियों से अपील की कि वे सपरिवार मेले में पहुंचें और सावन की इस खास रौनक का आनंद उठाएं। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए लोकप्रिय समाचार पत्र हिंदुस्तान परिवार को शुभकामनाएं भी दीं।
झूले, खेल-खिलौने और खानपान के स्टाल बने आकर्षण
मेले में बच्चों के लिए तरह-तरह के मनोरंजक झूले और खेल-खिलौनों के स्टाल लगाए गए हैं। वहीं खानपान से लेकर विभिन्न प्रकार के सामानों के आकर्षक स्टाल भी लोगों को अपनी ओर खींच रहे हैं। मेले की रंगीन सजावट और चहल-पहल ने सावन के मौसम में माहौल को और खुशनुमा बना दिया है।
उद्घाटन में जुटे शहर के गणमान्य लोग
मेले के उद्घाटन अवसर पर उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य बृजेश गुप्ता, अग्रवाल सभा अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, शिक्षक कौशलेश गुप्ता, नगर निगम कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, पार्षद वैशाली गुप्ता, शाह आलम, दीपा पाठक और अरशद अली, मेयर प्रतिनिधि चौधरी समरपाल सिंह, जसवीर सिंह सैनी, वरिष्ठ भाजपा नेता अभिषेक गोयल, पत्रकार दीप पाठक, विनोद भगत, कुंदन बिष्ट, रिजवान अली, कन्हैया एवं राजेंद्र सक्सेना समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

