पेंशन लेने के लिए बेटी बन गई पिता की पत्नी, 10 सालों तक नहीं लगी किसी को भनक, पति ने ऐसे किया पर्दाफाश
यूपी के एटा की रहने वाली एक बेटी ने मृत पिता की पत्नी होने का नाटक किया और 10 सालों तक अवैध रूप से पेंशन लेती रही। उसे सरकार की तरफ से हर महीने 10 हजार रुपये पेंशन के रूप में मिलते थे।

इस तरह उसने सरकार को लगभग 12 लाख रुपये का चूना लगाया। मामला जिले के अलीगंज का है। रिपोर्ट के अनुसार, मामले का खुलासा तब हुआ जब महिला के पति ने उसके धोखे का पर्दाफाश किया। महिला के पति ने अधिकारियों के पास मामले में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद 36 साल की मोहसिना परवेज़ को पुलिस ने पकड़ लिया और अदालती आदेश के बाद हिरासत में भेज दिया गया।
रिपोर्ट के अनुसार, रिटायर राजस्व क्लर्क वजाहत उल्लाह खान का निधन 2 जनवरी 2013 को हो गया था। उनकी पत्नी सबिया बेगम की मौत उनसे पहले ही हो गई थी। इसके बाद मृतक की बेटी मोहसिना ने खुद को पिता की पत्नी के रूप में पेश करने के लिए फर्जी दस्तावेज बनवाए और पेंशन लेने लगी। इस मामले में अधिकारियों ने बताया कि अब तक वह 12 लाख रुपये से अधिक पेंशन ले चुकी हैं। मोहसिना ने 2017 में फारूक अली से शादी की थी लेकिन उनके रिश्ते में खटास आ गई। इसके बाद वे अलग हो गए थे।
महिला ने मां के नाम के साथ लगाईं अपनी तस्वीरें
अधिकारियों ने कहा कि फारूक को पता था कि मोहसिना अवैध रूप से पेंशन ले रही है लेकिन उसने मामले की जानकारी तब दी जब वह पिछले साल उसे छोड़कर चली गई। अलीगंज में उप-विभागीय मजिस्ट्रेट के कार्यालय द्वारा की गई प्रारंभिक जांच से पता चला कि मोहसिना ने पेंशन आवेदन में चालाकी से अपनी मां का नाम के साथ अपनी तस्वीर का इस्तेमाल किया। इस तरह उसने अधिकारियों को धोखा दिया। एक क्लर्क और एक बीट कांस्टेबल ने आवेदन को प्रमाणित किया। इसके बाद आवेदन अंतिम मंजूरी के लिए जिला कोषागार में पहुंच गया।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें


