राजू अनेजा, काशीपुर।बड़े कारोबारी बनने का सपना देखने वाले छोटे शहरों के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। अब प्रतिभा और कारोबार का हुनर केवल महानगरों तक सीमित नहीं रहेगा। छोटे शहरों में बैठकर बड़े सपने देखने वाले युवाओं को भी अपना स्टार्टअप खड़ा करने और उसे सफल कारोबार में बदलने का मौका मिलेगा। भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) काशीपुर ने इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए युवाओं के लिए अपने द्वार खोल दिए हैं। संस्थान के इनक्यूबेशन सेंटर फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट (फीड) ने जीनियस-एंटरप्रेन्योर्स इन रेजीडेंस (ईआईआर) कार्यक्रम के तीसरे कोहोर्ट के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
इस पहल के तहत चयनित उद्यमियों को अपने स्टार्टअप को आगे बढ़ाने के लिए 10 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी। खास बात यह है कि योजना में टियर-2 और टियर-3 शहरों के उद्यमियों को प्राथमिकता दी जाएगी। यानी काशीपुर, रुद्रपुर समेत तराई और उत्तराखंड के छोटे शहरों के प्रतिभाशाली युवाओं के लिए भी अपने कारोबारी सपनों को हकीकत में बदलने का रास्ता खुल सकता है।
सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, विशेषज्ञों का मार्गदर्शन भी
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के नवाचार केंद्र के सहयोग से संचालित इस कार्यक्रम का उद्देश्य ऐसे युवाओं को प्रोत्साहित करना है, जिनके पास नए विचार और तकनीकी नवाचार की क्षमता है, लेकिन संसाधनों और उचित मार्गदर्शन के अभाव में वे अपने आइडिया को कारोबार का रूप नहीं दे पाते।
कार्यक्रम में चयनित युवाओं को आर्थिक सहायता के साथ उद्योग जगत के विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, विशेष प्रशिक्षण और स्टार्टअप को विकसित करने के लिए जरूरी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। इसका मकसद युवाओं के शुरुआती विचारों को ऐसे उत्पाद और सेवाओं में बदलना है, जिन्हें बाजार में उतारा जा सके।
इन तीन क्षेत्रों के युवाओं पर रहेगा खास फोकस
आईआईएम के एसोसिएट प्रोफेसर प्रो. सफल बत्रा के अनुसार, कार्यक्रम के तहत मुख्य रूप से तीन क्षेत्रों से जुड़े उद्यमियों के आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इनमें इलेक्ट्रॉनिक डिजाइन एवं मैन्युफैक्चरिंग, डीपटेक सॉफ्टवेयर एवं प्रोडक्ट तथा सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) शामिल हैं।
इन क्षेत्रों में नए प्रयोग करने वाले और तकनीक आधारित कारोबार विकसित करने की क्षमता रखने वाले युवाओं को इस कार्यक्रम से लाभ मिल सकता है।
कौन उठा सकता है योजना का लाभ?
कार्यक्रम के लिए आवेदक का भारतीय नागरिक होना और उसकी आयु कम से कम 18 वर्ष होना जरूरी है। आवेदन करने वाले युवा पूर्णकालिक स्नातक या परास्नातक विद्यार्थी होने चाहिए अथवा डीपीआईआईटी से मान्यता प्राप्त दो वर्ष से कम पुराने स्टार्टअप के संस्थापक या सह-संस्थापक होने चाहिए।
स्टार्टअप का प्राइवेट लिमिटेड कंपनी या एलएलपी के रूप में पंजीकृत होना जरूरी है। इसके अलावा स्टार्टअप को अब तक 10 लाख रुपये से अधिक की बाहरी फंडिंग नहीं मिली होनी चाहिए।
आवेदन करने वाले युवाओं का आइडिया शुरुआती चरण में होना चाहिए। इसमें आइडिएशन, कॉन्सेप्ट वैलिडेशन, प्रॉब्लम-सॉल्यूशन फिट, प्रूफ ऑफ कॉन्सेप्ट या प्रोटोटाइप जैसे चरण शामिल हैं।
नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें युवा
आईआईएम काशीपुर की यह पहल छोटे शहरों की उस प्रतिभा के लिए उम्मीद की नई किरण है, जो बड़े कारोबारी सपने तो देखती है, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण आगे नहीं बढ़ पाती। यदि युवाओं को सही समय पर आर्थिक सहायता, विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और संस्थागत सहयोग मिले तो वे न केवल अपना भविष्य संवार सकते हैं, बल्कि दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं।
काशीपुर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में उद्यमिता की संभावनाओं को देखते हुए यह पहल क्षेत्र के युवाओं के लिए भी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। अब जरूरत है कि तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में नए विचार रखने वाले युवा आगे आएं और इस अवसर का लाभ उठाएं।
छोटे शहरों के युवाओं के लिए संदेश साफ है—सपने बड़े हैं तो शुरुआत भी यहीं से हो सकती है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें


