बिंदुखत्ता में तीन बड़ी चोरियों का खुलासा, पंखेनुमा हीटर के भीतर छुपा था ₹35 लाख का सोना! लालकुआं पुलिस ने शातिर नकबजन को दबोचा

खबर शेयर करें -

लालकुआं (बिंदुखत्ता): नैनीताल जनपद की लालकुआं कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी और नकबजनी की वारदातों का पर्दाफाश करते हुए एक बेहद शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 20 तोला सोने के आभूषण बरामद किए हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ₹35 लाख आंकी जा रही है। पुलिस का दावा है कि पकड़े गए आरोपी ने पिछले दो वर्षों (2025 और 2026) के भीतर बिंदुखत्ता और लालकुआं क्षेत्र में हुई तीन बड़ी और सनसनीखेज चोरियों को अंजाम दिया था। इस शानदार सफलता पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

पंखेनुमा हीटर के भीतर छुपा रखा था सोने का खजाना

23 मई 2026 को पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि चोरियों में शामिल एक संदिग्ध युवक बिंदुखत्ता क्षेत्र में चोरी के जेवर बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। जब पुलिस ने उसकी जामा तलाशी ली, तो उसके पास से टूटे हुए सोने के जेवर मिले।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं व्यापार मंडल चुनाव: वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर महेश भट्ट ने ठोकी मजबूत दावेदारी; मिल रहा व्यापारियों का 'बड़ा प्यार' और खुला जनसमर्थन

इसके बाद जब पुलिस ने उसके पास मौजूद एक पंखेनुमा हीटर की सघन तलाशी ली, तो अधिकारी भी हैरान रह गए। शातिर चोर ने हीटर की निचली प्लेट के भीतर बकायदा बॉक्स बनाकर भारी मात्रा में सोने के आभूषण छिपा रखे थे। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह दिन के समय बंद पड़े मकानों की रेकी करता था और मौका मिलते ही ताला तोड़कर साफ-सफाई से हाथ साफ कर देता था।

यूपी के बहेड़ी का रहने वाला है आरोपी

गिरफ्तार किए गए शातिर नकबजन की पहचान भानु प्रताप पुत्र रोशन लाल, निवासी ग्राम मुड़िया नवी बक्श, थाना बहेड़ी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी ने कबूला कि वह पूर्व में भी कई बंद मकानों को निशाना बना चुका है। चोरी के कुछ जेवर वह पहले ही बेचकर रकम उड़ा चुका था, जबकि बाकी के जेवरों को खपाने के लिए वह उत्तराखंड आया हुआ था। पुलिस ने बरामद आभूषणों की पहचान संबंधित पीड़ितों से करवा ली है और अब आरोपी के पुराने आपराधिक इतिहास (क्रिमिनल रिकॉर्ड) को खंगालने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं में सड़क हादसा: आवारा जानवर को बचाने के चक्कर में विद्युत पोल तोड़कर झाड़ियों में घुसी कार; एमबीपीजी कॉलेज के प्रोफेसर समेत 3 लोग बाल-बाल बचे

300 से अधिक CCTV कैमरे खंगालने के बाद मिला सुराग

इस बड़ी चोरी का खुलासा करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी (CO) लालकुआं अमित कुमार के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।

दरअसल, बीती 19 मई 2026 को बिंदुखत्ता निवासी चंद्रा देवी ने लालकुआं थाने में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर सोने का हार, मंगलसूत्र, पारंपरिक नथ, अंगूठी और झुमके चोरी कर ले गए हैं। इस मामले को दर्ज कर जब कोतवाल ब्रजमोहन राणा के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की, तो उन्हें वर्ष 2025 की दो अन्य चोरियों का तरीका (एमओ) भी बिल्कुल समान मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने लालकुआं और बिंदुखत्ता रूट के करीब 200 से 300 सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी तक पहुंचने में कामयाबी हासिल की।

यह भी पढ़ें 👉  बिंदुखत्ता के होनहार भास्कर जोशी का एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया में चयन; सेल्फ स्टडी से एग्जीक्यूटिव इंजीनियर बन चमकाया क्षेत्र का नाम

कामयाब पुलिस टीम और पुरस्कार की घोषणा

इस चुनौतीपूर्ण और बड़े मामले का त्वरित खुलासा करने वाली पुलिस टीम में मुख्य रूप से:

  • ब्रजमोहन राणा (प्रभारी निरीक्षक/कोतवाल, लालकुआं)

  • गौरव जोशी (चौकी प्रभारी, बिंदुखत्ता)

  • हेड कांस्टेबल इसरार नबी, कमल बिष्ट, दयाल नाथ, आनंदपुरी, उमेश गिरी, मनीष नौटियाल, दिलीप कुमार और वीरेंद्र रौतेला शामिल रहे।

विद्युत हीटर के भीतर से चोरी का माल बरामद करने और अंतरराज्यीय चोर को दबोचने वाली इस टीम की पीठ थपथपाते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने पुलिस टीम को ₹2,500 के नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित करने की घोषणा की है।