दर्दनाक हादसा: निर्माणाधीन तालाब में डूबने से 8 वर्षीय मासूम की मौत; लापरवाही पर भड़के ग्रामीण

खबर शेयर करें -

नानकमत्ता: ऊधमसिंह नगर के नानकमत्ता क्षेत्र में रविवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना घटी, जहां वार्ड नंबर छह (दहला रोड) में खेल रहे एक आठ वर्षीय बालक की निर्माणाधीन तालाब में डूबने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं, ग्रामीणों ने नगर पंचायत पर निर्माण कार्य में घोर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

खेलते समय गहरे पानी में उतरा मासूम

जानकारी के अनुसार, विजय पाल का सबसे छोटा पुत्र देव कुमार (8 वर्ष) अपने दोस्तों के साथ घर के पास ही नगर पंचायत द्वारा बनाए जा रहे तालाब के समीप खेल रहा था। इसी दौरान वह अनजाने में तालाब के गहरे पानी में उतर गया और डूबने लगा। साथ खेल रहे बच्चे डर के मारे घर भाग गए और काफी देर तक किसी को कुछ नहीं बताया। जब परिजनों ने सख्ती से पूछा, तब बच्चों ने घटना की जानकारी दी।

यह भी पढ़ें 👉  शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, आहत किशोरी ने खुद को लगाई आग; हल्द्वानी के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

बचाने उतरीं महिलाएं भी बाल-बाल बचीं

सूचना मिलते ही देव की मां और आसपास की महिलाएं तालाब की ओर दौड़ीं। बच्चे को बचाने के लिए कई महिलाएं पानी में उतर गईं, लेकिन तालाब की गहराई इतनी अधिक थी कि वे खुद डूबने लगीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अन्य लोगों की मदद से महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया। काफी मशक्कत के बाद देव को पानी से निकालकर सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। देव तपेड़ा प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन का छात्र था।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं व्यापार मंडल चुनाव: चुनावी कार्यालय का भव्य उद्घाटन; व्यापारियों से एकजुट होकर मतदान करने की अपील

ग्रामीणों का आक्रोश: “सौंदर्यीकरण के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग”

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने पहले ही नगर पंचायत को लिखित शिकायत देकर तालाब की गहराई कम करने की मांग की थी, जिसे अनसुना कर दिया गया। कांग्रेस अनुसूचित जनजाति के प्रदेश सचिव हरिओम राणा ने इसे सरकारी धन का दुरुपयोग बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने जताया दुख

नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि रजत जयंती पार्क का निर्माण कार्य चल रहा है और बारिश के बाद तालाब से पानी निकाला गया था। उन्होंने मृतक परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि वह क्षेत्र से वापस लौटकर स्थिति का जायजा लेंगे। फिलहाल, कोतवाल संजय पाठक ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें 👉  कांग्रेस का कुनबा बढ़ाते तिलकराज बेहड़ के भांजे अक्षित मिड्ढा ने परिवार संग थामा हाथ का साथ