एमआईईटी कुमाऊँ में “उल्लास फेस्ट 2026” की धूम: कला, संस्कृति और युवा ऊर्जा का भव्य संगम
हल्द्वानी। एमआईईटी कुमाऊँ, हल्द्वानी में 5 एवं 6 मई 2026 को आयोजित दो दिवसीय वार्षिकोत्सव “उल्लास फेस्ट 2026” हर्षोल्लास, ऊर्जा और रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह आयोजन न केवल मनोरंजन का माध्यम बना, बल्कि छात्रों की रचनात्मकता, प्रतिभा और सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करने का एक सशक्त मंच भी साबित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबन्ध निदेशक डॉ. बी. एस. बिष्ट, मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री, उत्तराखण्ड सरकार श्री शंकर कोरंगा, निदेशक डॉ. तरुण सक्सेना, एसीआईसी देवभूमि फाउंडेशन के सीईओ डॉ. कमल सिंह रावत, नर्सिंग विभाग की प्राचार्या प्रो. स्वप्ना वर्गिस, पैरामेडिकल विभाग की प्राचार्या डॉ. शैफाली कपूर तथा प्रबन्धन विभाग के विभागाध्यक्ष श्री तारादत्त तिवारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। अतिथियों ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने, अपनी प्रतिभा को पहचानने और सकारात्मक दिशा में निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया।
उत्सव के प्रथम दिवस पर आयोजित डीजे नाइट इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही, जहाँ डीजे मुनेका (निकिता सिंघल) की ऊर्जावान प्रस्तुति ने पूरे परिसर को उत्साह से भर दिया। विद्यार्थियों ने देर शाम तक संगीत की धुनों पर नृत्य करते हुए उत्सव का भरपूर आनंद लिया और पूरे वातावरण में उल्लास की अनुभूति देखने को मिली।
द्वितीय दिवस पर प्रसिद्ध हरियाणवी कलाकार अजय हुड्डा एवं गायिका रूबा खान की लाइव प्रस्तुति ने कार्यक्रम को नई ऊँचाइयों तक पहुँचा दिया। उनके लोकप्रिय गीतों — लंबा-लंबा घूंघट, बहू काले की, लव यू मोटो आदि — पर छात्रों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए माहौल को और अधिक जीवंत बना दिया।
उल्लास फेस्ट के अंतर्गत आयोजित फैशन शो में पारंपरिक और आधुनिक परिधानों के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विविधता का आकर्षक संगम देखने को मिला। इसके साथ ही टैलेंट हंट (गायन, नृत्य, कविता), रील मेकिंग प्रतियोगिता, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने अपनी कला, रचनात्मकता और नवाचार क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विशेष रूप से उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया, जिसमें लोक नृत्य, लोक संगीत एवं पारंपरिक झलकियों के माध्यम से क्षेत्रीय पहचान को जीवंत किया गया।
इस अवसर पर संस्थान में आयोजित साप्ताहिक खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। विभिन्न खेलों में छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें क्रिकेट पुरुष वर्ग में बीसीए एवं महिला वर्ग में नर्सिंग विभाग, वॉलीबॉल पुरुष वर्ग में बीसीए एवं महिला वर्ग में नर्सिंग, खो-खो पुरुष वर्ग में बीबीए एवं महिला वर्ग में पैरामेडिकल, कबड्डी पुरुष वर्ग में बीबीए एवं महिला वर्ग में पैरामेडिकल, फुटबॉल पुरुष वर्ग में बीसीए तथा रस्साकशी में पुरुष वर्ग में बीसीए एवं महिला वर्ग में नर्सिंग विभाग विजेता रहे।
साथ ही विभिन्न विभागों के मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्थान का नाम गौरवान्वित किया।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के समग्र विकास में विशेष योगदान हेतु श्रीमती आकांक्षा (नर्सिंग), श्रीमती सोनम भंडारी (कंप्यूटर एप्लीकेशन), श्रीमती लतिका संभाल (पैरामेडिकल), श्री आशुतोष (एप्लाइड साइंस) एवं श्री तारादत्त तिवारी (प्रबंधन विभाग) को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने संस्थान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के मंच युवाओं को अपनी प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।
पूरे आयोजन के दौरान शिक्षकों एवं स्टाफ की सक्रिय सहभागिता रही और परिसर में उत्साह, ऊर्जा एवं सकारात्मक वातावरण देखने को मिला। “उल्लास फेस्ट 2026” ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि एमआईईटी कुमाऊँ न केवल शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी है, बल्कि छात्रों के समग्र व्यक्तित्व विकास के लिए भी निरंतर प्रतिबद्ध है।

अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

