उत्तराखंड शिक्षा विभाग: 2364 चतुर्थ श्रेणी पदों पर भर्ती की सुगबुगाहट तेज; शिक्षा मंत्री ने दिए जल्द नियुक्तियां करने के निर्देश

खबर शेयर करें -

देहरादून: उत्तराखंड शिक्षा विभाग में लंबे समय से अटकी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया अब जल्द गति पकड़ सकती है। स्कूलों और कार्यालयों में कामकाज के बढ़ते दबाव को देखते हुए शिक्षा मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को रिक्त 2364 पदों पर भर्ती प्रक्रिया को यथाशीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि इन पदों के लिए प्रयाग पोर्टल के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया दो माह पहले ही पूरी हो चुकी है, जिसमें प्रदेश भर के करीब 70 हजार युवाओं ने अपनी दावेदारी पेश की है। अब विभाग के सामने इतनी बड़ी संख्या में आवेदकों की पारदर्शी तरीके से स्क्रूटनी करना एक बड़ी चुनौती बना हुआ है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी : पिंजरे में कैद हुआ दूसरा 'संभावित' हमलावर गुलदार; DNA रिपोर्ट तय करेगी किसे मिलेगी उम्रकैद

आउटसोर्सिंग के जरिए होगी भर्ती, स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता

विभाग ने चतुर्थ श्रेणी संवर्ग में कर्मचारियों की भारी कमी को देखते हुए आउटसोर्स व्यवस्था के माध्यम से नियुक्तियां करने का निर्णय लिया है। चयनित अभ्यर्थियों को लगभग 15 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। इस भर्ती की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी यह है कि इसमें स्थानीयता को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे जिस क्षेत्र के विद्यालय में पद रिक्त है, वहीं के युवाओं को रोजगार मिल सके। अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों की सघन जांच और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के कारण चयन सूची जारी करने में समय लग रहा है, लेकिन अब इसमें तेजी लाई जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराँचल पंजाबी महासभा में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, नई कार्यकारिणी गठन की तैयारी तेज

जिलावार रिक्तियों का गणित: पौड़ी में सर्वाधिक पद

शिक्षा विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक 340 रिक्त पद पौड़ी जिले में हैं। इसके अलावा टिहरी (268), अल्मोड़ा (254), नैनीताल (208) और देहरादून (195) सहित प्रदेश के सभी 13 जिलों में नियुक्तियां होनी हैं। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की कमी के कारण कई स्कूलों में शिक्षकों को ही कार्यालयी और सफाई व्यवस्था की अतिरिक्त जिम्मेदारी संभालनी पड़ रही थी, जिससे शैक्षणिक कार्य प्रभावित हो रहा था। अब इन नियुक्तियों के होने से न केवल स्कूलों की व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि बेरोजगारी के दौर में हजारों युवाओं को संबल भी मिलेगा।

यह भी पढ़ें 👉  पिथौरागढ़: भारी बारिश से सातशिलिंग-थल मार्ग बाधित; मलबे में फंसे वाहन, स्कूली बच्चे और यात्री परेशान