नैनीताल जिले के ७६% ब्लैक स्पॉट सिर्फ रामनगर और लालकुआं में: सबसे संवेदनशील घोषित, हाईवे पर हादसों ने छीनीं कई जानें

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। नैनीताल जिले में सड़क हादसों के लिहाज से रामनगर और लालकुआं क्षेत्र की सड़कें सबसे ज्यादा संवेदनशील और जानलेवा साबित हो रही हैं। इस बात की तस्दीक खुद पुलिस विभाग की ओर से जारी ताजा आंकड़े कर रहे हैं। पुलिस द्वारा जिलेभर में चिह्नित किए गए कुल ‘ब्लैक स्पॉट’ (दुर्घटना संभावित क्षेत्र) में से अकेले ७६ प्रतिशत स्पॉट इन्हीं दोनों क्षेत्रों में स्थित हैं, जहां आए दिन होने वाले भीषण हादसों में कई लोग असमय अपनी जान गंवा चुके हैं।

पुलिस विभाग से मिली आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, वर्तमान में पूरे नैनीताल जिले में कुल १७ ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए गए हैं। इनमें सबसे अधिक संख्या रामनगर क्षेत्र की है, जहां ९ ब्लैक स्पॉट दर्ज हैं। इसके अलावा लालकुआं में ४, हल्द्वानी में ३ और पर्वतीय क्षेत्र की खनस्यूं तहसील में १ ब्लैक स्पॉट चिह्नित है। लगातार हो रहे सड़क हादसों के चलते रामनगर और लालकुआं मार्ग जिले में सबसे अधिक संवेदनशील बने हुए हैं। इन स्थानों पर वाहनों की अत्यधिक रफ्तार, यातायात का बढ़ता दबाव और सड़कों की भौगोलिक परिस्थितियां दुर्घटनाओं की प्रमुख वजह मानी जा रही हैं। प्रशासन द्वारा इन क्षेत्रों में चेतावनी संकेतक (साइन बोर्ड) लगाने के साथ-साथ स्पीड कंट्रोल और सड़क सुरक्षा संबंधी आवश्यक उपाय किए जाने के दावे किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  रुद्रपुर में करतारपुर रोड पर अचानक दौड़ा मगरमच्छ: राहगीरों में मचा हड़कंप, वन विभाग ने जारी की अलर्ट एडवाइजरी

जिले के प्रमुख ब्लैक स्पॉट की सूची

यातायात पुलिस द्वारा दुर्घटनाओं के इतिहास और संवेदनशीलता के आधार पर थानों के अनुसार इन स्थानों को ब्लैक स्पॉट घोषित किया गया है:

थाना क्षेत्र चिह्नित किए गए प्रमुख ब्लैक स्पॉट
रामनगर क्षेत्र लखनपुर चौराहे से लोनिवि गेस्ट हाउस तक, छोई तिराहे से शमशारा होटल तक, हिम्मतपुर चौराहा, पीरूमदारा, टांडा मल्लू, रिलायंस पेट्रोल पंप, आम डंडा, नथनपीर मजार और हल्दुआ।
लालकुआं क्षेत्र श्मशान घाट के पास, वीवीआईपी गेट, मोटा हल्दू और हल्दूचौड़ से गुमटी तिराहा।
हल्द्वानी व खनस्यूं पीलीकोठी, लामाचौड़, एस मोड़ टांडा जंगल (हल्द्वानी) और छेड़ाखान (खनस्यूं)।
यह भी पढ़ें 👉  22 जुलाई को काशीपुर में सजेगा पंजाबी समाज का सबसे बड़ा मंच, सम्मान समारोह में जुटेंगी नामचीन हस्तियां

लालकुआं हाईवे पर दो हादसों में ५ की मौत से मचा कोहराम

सड़कों की इस संवेदनशीलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लालकुआं हाईवे पर बीते एक पखवाड़े (१५ दिन) के भीतर ही दो अलग-अलग सड़क हादसों में ५ लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है। हाल ही में गौलापार-तीनपानी बाईपास फ्लाईओवर पर हुआ दिल दहला देने वाला हादसा भी इसी हाईवे से जुड़ा था, जहां एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने चार दोस्तों को बेरहमी से कुचल दिया था। वहीं, इसी मार्ग पर दो दिन पहले एक अनियंत्रित दूध वाहन की टक्कर से एक पूर्व सैनिक की भी असमय मौत हो गई।

“पुलिस प्रशासन द्वारा जिले में कुल १७ ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए गए हैं, जहां हादसों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर और गति सीमा नियंत्रण जैसे जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। वाहन चालकों से हमारी विशेष अपील है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और मानकों के अनुसार निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं, ताकि इन जानलेवा हादसों पर पूरी तरह विराम लगाया जा सके।”

डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी ट्रैफिक व अपराध, नैनीताल

यह भी पढ़ें 👉  जन्मदिन पर अनोखा प्रदर्शन: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल ने युवाओं संग बिंदुखत्ता की सड़को के गड्ढों में रोपा धान
Ad