लालकुआं में जंगली हाथियों का तांडव: हाईवे पार कर खेतों में घुसा हाथियों का झुंड, फसलों को रौंदा, ग्रामीणों को दौड़ाया
लालकुआं। निकटवर्ती बबूर गुम्टी क्षेत्र में मंगलवार देर रात टांडा के जंगल से निकलकर जंगली हाथियों का एक झुंड राष्ट्रीय राजमार्ग-109 (NH-109) पार कर अचानक किसानों के खेतों में घुस गया। हाथियों के इस झुंड ने खेतों में खड़ी कई एकड़ फसल को बेरहमी से रौंदकर भारी नुकसान पहुंचाया। इस दौरान जब स्थानीय ग्रामीणों ने हाथियों को भगाने का प्रयास किया, तो हाथियों ने शोर मचा रहे लोगों को ही दौड़ा लिया, जिससे पूरे इलाके में देर रात तक भारी दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजे अचानक हाथियों का यह झुंड हाईवे पार करते हुए बबूर गुम्टी के रिहायशी और कृषि क्षेत्र में दाखिल हुआ था। हाथियों को देखकर ग्रामीणों ने एकजुट होकर शोर मचाया, पटाखे फोड़े और टॉर्च की तेज रोशनी दिखाकर उन्हें खदेड़ने की कोशिश की। लेकिन, हाथियों का झुंड खेतों में ही डटा रहा और आक्रामक होते हुए ग्रामीणों की तरफ दौड़ पड़ा, जिससे लोगों को अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागना पड़ा। करीब तीन घंटे की भारी मशक्कत और दहशत के बाद हाथी वापस हाईवे पार कर टांडा के सुरक्षित जंगल की ओर लौटे, जिसके बाद ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
हाथियों के इस उत्पात के कारण क्षेत्र के काश्तकार गोपाल भट्ट, कैलाश पांडे, रेखा जग्गी और शेखर पांडे सहित कई अन्य किसानों की तैयार फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसान बेहद चिंतित हैं। मामले की जानकारी देते हुए गौला वन क्षेत्राधिकारी चंदन सिंह अधिकारी ने बताया कि बबूर गुम्टी क्षेत्र में जंगली हाथियों के आने और फसलों को नुकसान पहुंचाने की सूचना विभाग को मिली है। उन्होंने आश्वस्त किया कि वन विभाग की टीम प्रभावित क्षेत्रों का मौका मुआयना कर किसानों की फसलों के नुकसान का सटीक आकलन करेगी, जिसके बाद नियमों के तहत प्रभावितों को उचित मुआवजा देने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें


