लालकुआं के आंबेडकर नगर में बंद मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग: 5 लाख का सामान जलकर खाक, गनीमत रही खाली था घर
लालकुआं। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आंबेडकर नगर वार्ड नंबर एक में बीती सोमवार रात एक बंद मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में पीड़ित परिवार के घर का सारा सामान जलकर पूरी तरह स्वाहा हो गया, जिससे करीब 5 लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त परिवार रक्षाबंधन मनाने दिल्ली गया हुआ था, जिससे एक बड़ी जनहानि होने से टल गई।
धुआं उठते देख मचा हड़कंप, भाइयों ने मशक्कत कर बुझाई आग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आंबेडकर नगर निवासी राजेश उर्फ बल्ले का परिवार रक्षाबंधन का त्योहार मनाने दिल्ली रिश्तेदारी में गया हुआ था। सोमवार रात अज्ञात कारणों से बंद पड़े मकान में अचानक आग धधक उठी। देर रात जब मकान की खिड़कियों और छत से घना धुआं उठने लगा और टाइल्स टूटने की आवाजें आईं, तो पड़ोस में रहने वाले भाइयों शंभू और हरीश के बीच हड़कंप मच गया। उन्होंने तुरंत शोर मचाकर स्थानीय लोगों को एकत्र किया और पानी डालकर घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ राख हो चुका था।
फ्रिज, कूलर, कपड़े समेत सब कुछ जला, सदमे में पहुंचा पीड़ित परिवार
आग इतनी भयानक थी कि कमरे में रखा फ्रीज, कूलर, पंखे, कीमती कपड़े, बिस्तर, बर्तन और सारा जरूरी घरेलू सामान जलकर कोयला बन गया। पड़ोसियों द्वारा फोन पर हादसे की सूचना मिलते ही पीड़ित परिवार सदमे में आ गया और मंगलवार सुबह वापस लालकुआं पहुंचा, जहां अपने आशियाने को स्वाहा देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है और पूरे इलाके में इस घटना से शोक का माहौल है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें


