गढ़ीनेगी के इतिहास में जुड़ा नया अध्याय, पहले चेयरमैन के रूप में अभिषेक सुखीजा ने संभाली कमान

खबर शेयर करें -

 

पद एवं गोपनीयता की शपथ के साथ शुरू हुआ विकास का नया सफर, महापौर दीपक बाली ने हरसंभव सहयोग का दिलाया भरोसा

राजू अनेजा,काशीपुर। नवगठित नगर पंचायत गढ़ीनेगी के इतिहास में गुरुवार का दिन स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गया। पहली बार अस्तित्व में आए नगर निकाय के पहले निर्वाचित चेयरमैन के रूप में अभिषेक सुखीजा ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर विकास की कमान संभाल ली। उनके साथ निर्वाचित सभासदों ने भी शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और क्षेत्रवासियों की भारी मौजूदगी ने गढ़ीनेगी में नई उम्मीदों और नई शुरुआत का संदेश दिया।

रामलीला ग्राउंड बना लोकतंत्र का उत्सव स्थल

गढ़ीनेगी के रामलीला ग्राउंड में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह का माहौल उत्साह और उल्लास से भरा रहा। उपजिलाधिकारी काशीपुर अभय प्रताप सिंह ने नवनिर्वाचित चेयरमैन अभिषेक सुखीजा एवं सभासदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेते ही अभिषेक सुखीजा पर क्षेत्र के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की बड़ी जिम्मेदारी आ गई।

पहले बोर्ड से जुड़ी हैं जनता की बड़ी उम्मीदें

नगर पंचायत बनने के बाद पहली बार चुने गए बोर्ड को लेकर क्षेत्र की जनता में खासा उत्साह दिखाई दिया। लोगों का मानना है कि अब स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए उन्हें दूर-दराज के कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल किए जाने की उम्मीदें भी इस नए बोर्ड से जुड़ी हुई हैं।

महापौर दीपक बाली बोले— विकास में नहीं आने देंगे कोई कमी

शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे काशीपुर नगर निगम के महापौर दीपक बाली ने नवनिर्वाचित चेयरमैन और सभासदों को बधाई देते हुए कहा कि गढ़ीनेगी की जनता ने जिस विश्वास के साथ अपना पहला बोर्ड चुना है, उस विश्वास को कायम रखना सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और गढ़ीनेगी भी इस विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  पीएम मोदी के जन्मदिन पर द्रोणा सागर में गूंजा सेवा का संकल्प,महापौर की अगुवाई में निगम ने चलाया स्वच्छता अभियान , हजारों दीयों से रोशन हुआ पौराणिक स्थल

महापौर ने कहा कि नगर पंचायत के विकास कार्यों में उनकी ओर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। गढ़ीनेगी के हितों से जुड़े किसी भी मुद्दे पर यदि उनकी आवश्यकता होगी तो वह हमेशा जनता और चुने हुए बोर्ड के साथ खड़े मिलेंगे।

अभिषेक सुखीजा ने जताया जनता का आभार

पहले चेयरमैन के रूप में शपथ लेने के बाद अभिषेक सुखीजा ने क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गढ़ीनेगी की जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर पंचायत को एक आदर्श निकाय बनाने के लिए पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  बिन्दुखत्ता में 19 और 20 सितम्बर को धूमधाम से मनाया जाएगा भव्य 'माँ नन्दा सुनन्दा महोत्सव 2026'

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता, जनसहभागिता और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को चिन्हित कर उनका चरणबद्ध समाधान कराया जाएगा ताकि लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिल सकें।

जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी

शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, जसपुर विधायक आदेश चौहान, पूर्व विधायक डॉ. शैलेन्द्र मोहन सिंघल, सांसद प्रतिनिधि विजय बॉबी, तीरथ सिंह, जिला पंचायत सदस्य चरनजीत सिंह चन्नी, सुरेश लोहिया, वरुण चौधरी, सुभाष शर्मा, अधिशासी अधिकारी संजय कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

अब विकास की कसौटी पर होगी पहले बोर्ड की परीक्षा

गढ़ीनेगी को नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद यहां के लोगों की अपेक्षाएं भी बढ़ गई हैं। ऐसे में पहले निर्वाचित बोर्ड के सामने विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने, बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने और जनता के भरोसे पर खरा उतरने की बड़ी चुनौती होगी। शपथ ग्रहण के साथ ही गढ़ीनेगी में विकास की नई इबारत लिखने का दावा तो शुरू हो गया है, अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि यह नया नेतृत्व क्षेत्र की तस्वीर बदलने में कितना सफल साबित होता है।

यह भी पढ़ें 👉  कोलकाता में चमके हल्द्वानी के शटलर सार्थक जोशी, ऑल इंडिया अंडर-13 बैडमिंटन में जीता एकल और युगल का खिताब
Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad