आखिरकार सुखीजा के लिए पसीजा गढ़नेगी का दिल, 94 वोटों से जीतकर अभिषेक बने पहले चेयरमैन

खबर शेयर करें -

तीन राउंड की मतगणना तक बना रहा सस्पेंस, आखिरकार निर्दलीय अभिषेक सुखीजा के सिर सजा जीत का ताज

राजू अनेजा,काशीपुर। ऊधमसिंहनगर जिले की नवसृजित गढ़ीनेगी नगर पंचायत के पहले अध्यक्ष पद के चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी अभिषेक सुखीजा ने शानदार जीत दर्ज करते हुए इतिहास रच दिया। बेहद रोमांचक मुकाबले में अभिषेक सुखीजा ने भाजपा प्रत्याशी सचिन बाठला को 94 मतों से पराजित कर नगर पंचायत के पहले चेयरमैन बनने का गौरव हासिल किया।
वृहस्पतिवार को काशीपुर स्थित नवीन मंडी परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई। अध्यक्ष पद के लिए पांच प्रत्याशी मैदान में थे, लेकिन मुख्य मुकाबला निर्दलीय अभिषेक सुखीजा और भाजपा प्रत्याशी सचिन बाठला के बीच रहा। तीन राउंड में हुई मतगणना के दौरान मुकाबला बेहद रोमांचक बना रहा। हर राउंड के बाद समर्थकों की निगाहें परिणामों पर टिकी रहीं और जीत-हार को लेकर उत्सुकता बढ़ती गई।
अंतिम परिणाम घोषित होने पर अभिषेक सुखीजा को कुल 2047 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी सचिन बाठला को 1953 वोट मिले। इस प्रकार अभिषेक सुखीजा ने 94 मतों के अंतर से जीत हासिल कर गढ़ीनेगी नगर पंचायत के पहले अध्यक्ष बनने का गौरव प्राप्त किया।
परिणाम घोषित होते ही अभिषेक समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया और जमकर आतिशबाजी की। पूरे क्षेत्र में “अभिषेक सुखीजा जिंदाबाद” के नारों से माहौल गूंज उठा।
निर्वाचन अधिकारी अभय प्रताप सिंह और सहायक निर्वाचन अधिकारी पंकज चंदोला की मौजूदगी में मतगणना प्रक्रिया संपन्न हुई। इसके बाद एडीएम पंकज उपाध्याय ने विजयी प्रत्याशी अभिषेक सुखीजा को विजय प्रमाण-पत्र प्रदान किया।
उल्लेखनीय है कि इस चुनाव को प्रतिष्ठा का प्रश्न मानते हुए भाजपा ने अपने प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। कई वरिष्ठ नेताओं ने क्षेत्र में डेरा डालकर चुनाव प्रचार किया, लेकिन गढ़ीनेगी की जनता ने निर्दलीय प्रत्याशी अभिषेक सुखीजा पर भरोसा जताते हुए उन्हें अपना पहला चेयरमैन चुन लिया।

यह भी पढ़ें 👉  बिंदुखत्ता में स्टोन क्रेशर के प्रदूषण के खिलाफ जन-आक्रोश: जिलाधिकारी नैनीताल को समाजसेवी दीपक जोशी ने सौंपा शिकायती पत्र
Ad
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  ऑनर किलिंग से सनसनी: लड़की से मिलने गए दलित युवक केतन की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या, दोस्त का हाथ तोड़ा; अब तक 4 आरोपी गिरफ्तार