
राजू अनेजा, लालकुआं। लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में विधायक मोहन सिंह बिष्ट के चार साल के कार्यकाल को लेकर जनता का असंतोष अब सोशल मीडिया पर खुलकर सामने आने लगा है। कुछ माह पहले क्षेत्र की एक महिला ने गांव की बदहाल सड़क को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट डालते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की थी। अब क्षेत्र के ही एक युवक ने बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या को लेकर विधायक को सीधे निशाने पर लेते हुए एक वीडियो वायरल कर दिया है, जो पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
शिलान्यास पट्ट पर लगे बल्ब फोड़कर जताया विरोध
वायरल वीडियो में युवक विधायक के शिलान्यास स्थल पर लगे बल्ब फोड़ते हुए अपना गुस्सा जाहिर करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह कहता है, “तुम नारियल फोड़ रहे हो और मैं बल्ब फोड़कर अपना गुस्सा जाहिर कर रहा हूं। ट्रांसफार्मर तो लगा रहे हो, लेकिन बिजली नहीं आ रही। जनता बिजली कटौती और लो वोल्टेज से परेशान है।”
“अब तुम्हारा समय पूरा हो गया, हमें तुम्हारी जरूरत नहीं”
वीडियो में युवक आगे कहता है कि क्षेत्र की जनता बिजली और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है। उसका कहना है कि “अब तुम्हारा समय पूरा हो गया है, यहां से चले जाओ। अब हमें तुम्हारी जरूरत नहीं है।” युवक ने विधायक के विकास कार्यों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि शिलान्यास और उद्घाटन से ज्यादा जरूरत लोगों को निर्बाध बिजली और बेहतर सड़कों की है।
पहले सड़क, अब बिजली… बढ़ रहा जनता का आक्रोश
कुछ समय पहले भी क्षेत्र की एक महिला ने गांव की बदहाल सड़क को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। अब बिजली व्यवस्था को लेकर सामने आए इस वायरल वीडियो ने यह संकेत दिया है कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को लेकर लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। लगातार सोशल मीडिया पर उठ रही ऐसी आवाजें राजनीतिक हलकों में भी चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
चुनाव से पहले बढ़ सकती हैं मुश्किलें
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि सड़क, बिजली और पानी जैसे बुनियादी मुद्दों का समय रहते समाधान नहीं हुआ तो विधानसभा चुनाव से पहले यह जनाक्रोश स्थानीय जनप्रतिनिधि के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है।

