ब्लॉक प्रमुख पति व पार्षद विजय कुमार बॉबी पर अजय भट्ट का बड़ा एक्शन, गैर-कानूनी मामले में वांछित होने की सूचना पर सांसद प्रतिनिधि पद से हटाया

खबर शेयर करें -


राजू अनेजा,काशीपुर। नैनीताल-ऊधम सिंह नगर लोकसभा क्षेत्र से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने काशीपुर के ब्लॉक प्रमुख पति एवं नगर निगम पार्षद विजय कुमार बॉबी को सांसद प्रतिनिधि के पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। सांसद ने इस संबंध में जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
12 जुलाई 2026 को जारी पत्र में सांसद अजय भट्ट ने बताया कि विजय कुमार बॉबी, पुत्र सोमपाल, निवासी गिरिताल मंदिर पार्क, वार्ड संख्या-1, काशीपुर को कार्यकर्ताओं के अनुरोध पर विकास खंड से संबंधित त्रैमासिक बैठकों में उनकी अनुपस्थिति के दौरान सांसद प्रतिनिधि के रूप में नामित किया गया था।
सांसद ने पत्र में उल्लेख किया है कि उन्हें जानकारी प्राप्त हुई है कि विजय कुमार बॉबी किसी गैर-कानूनी मामले में वांछित हैं। पत्र के अनुसार, ऐसी स्थिति सांसद प्रतिनिधि पद की गरिमा तथा जनप्रतिनिधि के दायित्वों के अनुरूप नहीं है। इसी आधार पर उन्हें तत्काल प्रभाव से सांसद प्रतिनिधि पद से पदमुक्त कर दिया गया है।
सांसद के इस फैसले के बाद काशीपुर की राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। विजय कुमार बॉबी वर्तमान में काशीपुर की ब्लॉक प्रमुख के पति होने के साथ ही नगर निगम के पार्षद भी हैं। ऐसे में सांसद अजय भट्ट की यह कार्रवाई जिले की राजनीति में चर्चा का विषय बनी हुई है।
हालांकि, पत्र में किसी मामले का विस्तृत विवरण नहीं दिया गया है। सांसद ने केवल गैर-कानूनी मामले में वांछित होने की सूचना मिलने का उल्लेख करते हुए प्रतिनिधि पद से हटाने का निर्णय लिया है।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं : दो नाबालिगों को प्रलोभन देकर जंगल ले जाने का प्रयास, दूसरे धर्म के युवक पर आरोप, हिंदूवादी संगठन आक्रोशित
Ad
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  रुद्रपुर में 'हमारा विधायक' की जंग हुई तेज ! विकास शर्मा के बाद शिव अरोड़ा समर्थकों ने भी भरी हुंकार