हल्द्वानी के बनभूलपुरा में अमन ठाकुर हत्याकांड का 15 घंटे में खुलासा, पत्नी से अवैध संबंधों के शक में सिरफिरे ने दुपट्टे से घोंटा था गला
हल्द्वानी। नैनीताल जिले के बनभूलपुरा थाना अंतर्गत जवाहर नगर में बीते 16 सितंबर को हुई 29 वर्षीय अमन ठाकुर की संदिग्ध मौत के सनसनीखेज मामले की गुत्थी को पुलिस ने महज 15 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह साफ हो गया कि युवक की हत्या दुपट्टे से गला घोंटकर की गई थी। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के सख्त निर्देशों के बाद हरकत में आई बनभूलपुरा पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी निक्की उर्फ नाटी को 17 सितंबर को गौला नदी किनारे हजारा की खाली झोपड़ी से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया दुपट्टा भी बरामद कर लिया है।
अवैध संबंधों के शक में दी थी हत्या की धमकी, सीसीटीवी और सर्विलांस से हत्थे चढ़ा आरोपी
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपी निक्की ने कबूल किया कि उसे अपनी पत्नी और अमन के बीच अवैध संबंध होने का गहरा शक था, जिसे लेकर आए दिन विवाद होता रहता था। घटना से एक दिन पूर्व 15 सितंबर को आरोपी ने अपनी साली को फोन कर अमन या अपनी पत्नी में से किसी एक को जान से मारने की धमकी भी दी थी। प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फत्र्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और सर्विलांस की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रैक कर उसे धर दबोचा। मूल रूप से हापुड़ (यूपी) का रहने वाला मृतक अमन पिछले 4-5 वर्षों से इसी मकान में रह रहा था। आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसके खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

