अल्मोड़ा में बड़ा हादसा: जंगली मशरूम खाने से एक ही परिवार के 3 लोग बीमार, दादी की हालत गंभीर

खबर शेयर करें -

अल्मोड़ा:

जनपद के धौलादेवी ब्लॉक अंतर्गत गैराड गांव में जंगली मशरूम खाने से एक ही परिवार के तीन लोगों की तबीयत अचानक बेहद बिगड़ गई। बीमार होने वालों में दादी, बहू और पोता शामिल हैं। सभी को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां 55 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में चिंता और दहशत का माहौल है।

जंगल से लाई थी मशरूम, खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गैराड गांव निवासी 55 वर्षीय भागीरथी (पत्नी जगत राम) मंगलवार दोपहर पास के जंगल से जंगली मशरूम चुनकर लाई थी। शाम को उसने घर पर मशरूम की सब्जी बनाई और अपनी बहू ममता (32 वर्ष, पत्नी संजय कुमार) व 7 वर्षीय पोते कार्तिक (पुत्र संजय कुमार) को खिलाई।

यह भी पढ़ें 👉  काशी की तर्ज पर 21 हजार से अधिक दीयों की रोशनी से जगमगाई धर्मनगरी; हरकी पैड़ी पर विशेष गंगा आरती, लेजर शो और हरित आतिशबाजी ने मोहा श्रद्धालुओं का मन, आज कार्तिक पूर्णिमा पर उमड़ेगा आस्था का सैलाब

सब्जी खाने के कुछ ही समय बाद तीनों को तेज पेट दर्द, उल्टी और घबराहट की शिकायत होने लगी। हालत लगातार बिगड़ती देख परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) धौलादेवी ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेस अस्पताल, मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।

पहचान करना मुश्किल, लापरवाही हो सकती है जानलेवा

मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक ने मामले की संवेदनशीलता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जंगली मशरूम की कई प्रजातियां अत्यधिक जहरीली होती हैं। आम लोगों के लिए जहरीले और खाने योग्य मशरूम के बीच अंतर पहचानना बेहद कठिन होता है। उन्होंने कहा कि समय पर अस्पताल पहुंचने से तीनों मरीजों का इलाज शुरू हो गया है और फिलहाल सबकी हालत स्थिर है, लेकिन ऐसे मामलों में जरा सी भी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

यह भी पढ़ें 👉  कारोबारी रिश्ते में भरोसे का कत्ल! पार्टनर पर 8 करोड़ की धोखाधड़ी, 1.700 किलो सोना हड़पने और AI वीडियो से बदनाम करने की धमकी देने के आरोप

स्वास्थ्य विभाग की चेतावनी: बरसात में बरतें विशेष सावधानी

इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता के लिए जरूरी दिशा-निर्देश और अपील जारी की है:

  • बिना पहचान वाले मशरूम से बचें: जंगलों से खुद तोड़कर लाए गए या बिना सही पहचान वाले किसी भी मशरूम का सेवन कतई न करें।

  • लक्षण दिखने पर तुरंत जाएं अस्पताल: यदि मशरूम खाने के बाद उल्टी, चक्कर आना, पेट दर्द या शरीर में कोई अन्य असामान्य लक्षण दिखे, तो बिना समय गंवाए नजदीकी अस्पताल पहुंचें।

  • बरसात में बढ़ता है खतरा: मानसून और बरसात के मौसम में जंगली मशरूम बहुत तेजी से उगते हैं, इसलिए इस दौरान विशेष सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं: बिंदुखत्ता राजस्व गांव मामले पर 27 नवंबर को होने वाली उच्चस्तरीय बैठक में फैसले की उम्मीद; सीएम धामी ने मुख्य सचिव से फोन पर की वार्ता, मांग पूरी होने तक जारी रहेगा क्रमिक धरना