
NSP के डिजिटल विश्लेषण में खुली गड़बड़ी, संयुक्त जांच समिति की रिपोर्ट के बाद कार्रवाई; 2021-22 और 2022-23 की छात्रवृत्ति योजनाओं में अनियमितताओं का मामला
राजू अनेजा। काशीपुर/बाजपुर। अल्पसंख्यक केंद्र पोषित छात्रवृत्ति योजनाओं में सरकारी धन के कथित दुरुपयोग और छात्रवृत्ति वितरण में अनियमितताओं का बड़ा मामला सामने आया है। राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) के डिजिटल विश्लेषण में वर्ष 2021-22 और 2022-23 के छात्रवृत्ति आवेदनों में संदिग्ध प्रविष्टियां मिलने के बाद ऊधम सिंह नगर के सात शिक्षण संस्थानों के प्रबंधकों एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ बाजपुर कोतवाली में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
NSP की जांच में खुली गड़बड़ी, शासन तक पहुंची रिपोर्ट
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नंदिनी तोमर की ओर से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भेजी गई तहरीर के अनुसार भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) का डिजिटल विश्लेषण किया था। जांच के दौरान कई शिक्षण संस्थानों से भेजे गए छात्रवृत्ति आवेदनों में गंभीर अनियमितताएं और संदिग्ध प्रविष्टियां सामने आईं।
इसके बाद उत्तराखंड शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर ने संबंधित उपजिलाधिकारियों की अध्यक्षता में संयुक्त जांच समितियों का गठन किया। विकासखंड स्तर पर हुई जांच में कई संस्थानों में गड़बड़ियां प्रमाणित होने के बाद पूरी रिपोर्ट शासन को भेजी गई।
शासन के निर्देश पर दर्ज हुई FIR
शासन स्तर पर समीक्षा बैठक के बाद दोषी पाए गए संस्थानों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश जारी किए गए। इसी क्रम में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बाजपुर कोतवाली में तहरीर देकर सात शिक्षण संस्थानों के प्रबंधकों और संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धोखाधड़ी से संबंधित धारा के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इन सात संस्थानों पर दर्ज हुई FIR
सरस्वती पूर्व माध्यमिक विद्यालय, किच्छा
सरस्वती विद्या मंदिर हाईस्कूल, किच्छा
नेशनल एकेडमी जूनियर हाई स्कूल, काशीपुर
मदरसा अल-जामियतुल मदारिया (यूपीएस), केलाखेड़ा, बाजपुर
जामिया अलविया मदर-उल-उलूम (यूपीएस), गूलरभोज रोड, गदरपुर
मदरसा अलविया रफीक-उल-उलूम, धनसारा, बाजपुर
मदरसा जमिया हनिया रजाउल उलूम, चकरपुर रोड, बाजपुर
डिजिटल जांच से सामने आया पूरा मामला
भारत सरकार द्वारा NSP पोर्टल के डेटा का डिजिटल विश्लेषण किए जाने पर छात्रवृत्ति आवेदनों में कई संदिग्ध पैटर्न सामने आए। इसके बाद पूरे मामले की जिलास्तरीय जांच कराई गई, जिसमें सात संस्थानों में गंभीर अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद अब पुलिस जांच शुरू हो गई है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

