
निर्दलीयों को साधकर भाजपा ने चला बड़ा सियासी दांव, कांग्रेस देखती रह गई राह
राजू अनेजा, काशीपुर/खटीमा। निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को हराकर अध्यक्ष बने दो निर्दलीय चेयरमैन अब भाजपा के हो गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा स्थित कैंप कार्यालय में गूलरभोज नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश चुघ और गढ़ीनेगी नगर पंचायत अध्यक्ष अभिषेक सुखीजा को भाजपा की सदस्यता दिलाकर न सिर्फ संगठन का कुनबा बढ़ाया, बल्कि राजनीतिक गलियारों में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों का भी संदेश दे दिया। दोनों नेताओं के भाजपा में शामिल होने को ऊधमसिंह नगर की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है।
चुनाव में भाजपा को चुनौती देने वाले अब भाजपा के साथ
निकाय चुनाव में सतीश चुघ और अभिषेक सुखीजा ने भाजपा प्रत्याशियों को पराजित कर निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत दर्ज की थी। दोनों नेताओं की जीत को उस समय भाजपा के लिए बड़ा झटका माना गया था। अब उन्हीं नेताओं का भाजपा में शामिल होना पार्टी के लिए बड़ी राजनीतिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि भाजपा आगामी चुनावों से पहले अपने राजनीतिक आधार को और मजबूत करने में जुट गई है।
सभासदों ने भी थामा भाजपा का दामन
मुख्यमंत्री की मौजूदगी में गढ़ीनेगी नगर पंचायत के सभासद लवकुश, रजनी देवी, दिलीप सिंह फौजी और अर्पण चावला ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। सभी जनप्रतिनिधियों ने प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए भाजपा की नीतियों में आस्था व्यक्त की। भाजपा नेताओं ने इसे संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
धामी बोले, विकास की राजनीति से बढ़ रहा परिवार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पार्टी में शामिल हुए सभी जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा विकास, सुशासन और जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। प्रदेश सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों से प्रभावित होकर लगातार लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
सतीश चुघ ने जताया आभार
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद सतीश चुघ ने मुख्यमंत्री धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में विकास और जनहित के लिए जो कार्य हो रहे हैं, उनसे प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वर्ष 2027 में भाजपा को और मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
कांग्रेस के लिए भी सियासी संदेश
राजनीतिक जानकारों की मानें तो यह सिर्फ सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाले चुनावों के लिए भाजपा की रणनीति का हिस्सा है। जिन क्षेत्रों में भाजपा को निकाय चुनाव में चुनौती मिली थी, वहां के प्रभावशाली जनप्रतिनिधियों को अपने साथ जोड़कर पार्टी ने विपक्ष को स्पष्ट संदेश दिया है। कांग्रेस के लिए भी इसे बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है, क्योंकि भाजपा ने स्थानीय स्तर पर मजबूत जनाधार रखने वाले नेताओं को अपने पाले में कर लिया है।
कई दिग्गज रहे मौजूद
सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, रुद्रपुर मेयर विकास शर्मा, काशीपुर मेयर दीपक बाली समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान नए सदस्यों का स्वागत किया गया और संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।
सियासी चर्चा
भाजपा को हराने वालों के कंधों पर अब कमल खिलाने की जिम्मेदारी
निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को हराकर अध्यक्ष की कुर्सी तक पहुंचे सतीश चुघ और अभिषेक सुखीजा अब भाजपा के सिपाही बन गए हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि जिन नेताओं ने चुनावी मैदान में भाजपा को चुनौती देकर अपनी ताकत का अहसास कराया था, अब उन्हीं के कंधों पर वर्ष 2027 में कमल खिलाने की जिम्मेदारी होगी। यही वजह है कि दोनों नेताओं की भाजपा में एंट्री को मुख्यमंत्री धामी का सोचा-समझा राजनीतिक कदम माना जा रहा है। भाजपा जहां इसे संगठन विस्तार की सफलता बता रही है, वहीं विपक्ष इसे अपने लिए चेतावनी के रूप में देख रहा है।

