नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज (16 अगस्त) नैनीताल जिले के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। वे देहरादून से हेलीकॉप्टर के माध्यम से चोरगलिया स्थित लाखनमंडी हैलीपैड पहुंचेंगे और वहां से सड़क मार्ग द्वारा गोलापार स्थित नंधौरगढ़ पैलेस जाएंगे। नंधौरगढ़ पैलेस में आयोजित मुख्य बैठक में मुख्यमंत्री कुमाऊं संभाग के भाजपा जिलाध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों और जमीनी स्तर की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा करेंगे।
सांसदों व विधायकों के साथ विकास कार्यों और योजनाओं पर मंथन
नैनीताल जिला मीडिया प्रभारी नितिन राणा के अनुसार, जिलाध्यक्षों व मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक के उपरांत मुख्यमंत्री दोपहर 3:00 बजे से अल्मोड़ा लोकसभा क्षेत्र के सांसदों व विधायकों के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद शाम 4:30 बजे से 6:00 बजे तक नैनीताल लोकसभा क्षेत्र के सांसदों और विधायकों के साथ बैठक प्रस्तावित है। इन बैठकों में क्षेत्र में जारी विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और जनसमस्याओं के समाधान पर मुख्य रूप से चर्चा की जाएगी।
कुमाऊं की राजनीति पर रहेगी नजर
मुख्यमंत्री के इस दौरे को कुमाऊं क्षेत्र में संगठन की मजबूती, जनप्रतिनिधियों की सक्रियता और भावी रूपरेखा तय करने के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। प्रशासनिक समीक्षा के साथ-साथ क्षेत्रीय स्तर पर पार्टी की स्थिति का आकलन करने के उद्देश्य से धामी का यह दौरा विशेष ध्यानाकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

