लालकुआं: गंगारामपुर में किराए के मकान में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी
लालकुआं। मोटाहल्दू क्षेत्र के जयपुर बीसा ग्राम सभा अंतर्गत गंगारामपुर गांव में 25 वर्षीय विवाहिता का संदिग्ध परिस्थितियों में घर के पंखे के कुंडे से लटका हुआ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका अपने पति और दो मासूम बच्चों के साथ किराए के मकान में रह रही थी। आपातकालीन सेवा 112 से सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की गहन जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
स्कूल गए थे बच्चे, काम पर बाहर गया था पति
हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी गोस्वामी ने बताया कि मृतका की पहचान विजय पलड़िया की पत्नी रूपा पलड़िया (25 वर्ष) के रूप में हुई है। दंपती का सात साल का एक बेटा और पांच साल की बेटी है। घटना के समय दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे, जबकि आरओ (RO) मरम्मत का काम करने वाला पति भी घर से बाहर गया था। अचानक हुई इस घटना के बाद से परिवार में कोहराम मच गया है और आसपास के क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी विमल कुमार और कोतवाल बृजमोहन राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाई गई फोरेंसिक विशेषज्ञ उपनिरीक्षक त्रिवेणी जोशी की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक नमूने एकत्र किए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।


