
विधायक तिलक राज बेहड़ के प्रयास रंग लाए, सड़कों से लेकर कब्रिस्तान तक होंगे विकास कार्य
राजू अनेजा, किच्छा। किच्छा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिलने जा रही है। विधायक तिलक राज बेहड़ के प्रयासों से राज्य योजना, जिला योजना और अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्र योजना के तहत ₹1.37 करोड़ की लागत वाली 6 विकास योजनाओं को शासन से स्वीकृति मिल गई है। इन योजनाओं के तहत सड़कों का निर्माण व पुनर्निर्माण होने के साथ-साथ सामुदायिक सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा।
महाराजपुर-कनकपुर सड़क का होगा पुनर्निर्माण, वर्षों पुरानी मांग पूरी
स्वीकृत योजनाओं में सबसे बड़ी परियोजना महाराजपुर से कनकपुर तक 2.050 किलोमीटर मोटर मार्ग के प्रीमिक्स कारपेट द्वारा पुनर्निर्माण की है, जिस पर ₹71 लाख खर्च किए जाएंगे। यह सड़क लंबे समय से जर्जर थी और क्षेत्रवासी इसके पुनर्निर्माण की मांग लगातार उठा रहे थे।
लालपुर में कई नई सड़कें बनेंगी
स्वीकृत योजनाओं में लालपुर क्षेत्र की चार महत्वपूर्ण सड़कें भी शामिल हैं। इनमें गुरुद्वारे से अकील प्रधान के घर और इकबाल की गली तक ₹13 लाख, वार्ड-3 में गंगाराम के घर से सक्सेना जी के घर तक ₹12 लाख, लालपुर-खमरिया रोड से कामरान के घर तक ₹7 लाख तथा वार्ड-2 में प्रीतम सिंह के घर से गुरदयाल सिंह के घर तक ₹14 लाख की लागत से सड़क निर्माण कराया जाएगा।
सैंजना कब्रिस्तान में बनेंगे टीन शेड, फर्श और हैंडपंप
ग्राम सैंजना के कब्रिस्तान में करीब ₹20 लाख की लागत से टीन शेड, फर्श और इंडिया मार्का हैंडपंप का निर्माण कराया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
हर गांव और हर वर्ग तक विकास पहुंचाना प्राथमिकता : बेहड़
विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि उनकी प्राथमिकता विधानसभा के हर गांव, हर वार्ड और हर वर्ग तक समान रूप से विकास पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के साथ-साथ मंदिर, गुरुद्वारे, मस्जिद, कब्रिस्तान और श्मशान घाट जैसे धार्मिक एवं सामाजिक स्थलों पर भी आवश्यक विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
दो और सड़क परियोजनाओं का प्रस्ताव शासन में
विधायक बेहड़ ने बताया कि कनकपुर काली मंदिर से गौरीकला होते हुए विनोद मदान के खेत तक 2.5 किलोमीटर सड़क के डामरीकरण तथा रुद्रपुर वार्ड-1 स्थित ज्येठा कॉलोनी की 500 मीटर सड़क के डामरीकरण का प्रस्ताव भी शासन को भेजा जा चुका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन दोनों परियोजनाओं को भी जल्द स्वीकृति मिल जाएगी, जिससे क्षेत्र के विकास को और गति मिलेगी।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

