पुरानी रंजिश के चलते बड़े भाई ने छोटे भाई पर चलाई गोली, गंभीर हालत में अस्पताल भर्ती, आरोपी प्रधान पति फरार
![]()
रुड़की। हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र के बाजुहेड़ी गांव में पुरानी रंजिश के चलते भाईचारे का रिश्ता खून में बदल गया। यहाँ दो भाइयों के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद इस कदर बढ़ा कि बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई पर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से अंधाधुंध गोली चला दी। इस जानलेवा हमले में 50 वर्षीय राजेश सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी प्रधान पति किशोर सैनी मौके से फरार हो गया। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरे गाँव में दहशत फैल गई और आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई।
जानकारी के मुताबिक, बाजुहेड़ी गांव निवासी किशोर सैनी और राजेश सैनी के बीच किसी बात को लेकर पिछले काफी समय से मनमुटाव चल रहा था। बीते गुरुवार की देर रात दोनों भाइयों में एक बार फिर किसी बात को लेकर तीखी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना हिंसक हो गया कि गुस्से में आगबबूला होकर बड़े भाई किशोर सैनी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायर कर दिया। गोली लगते ही राजेश सैनी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर पिरान कलियर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल राजेश को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भगवानपुर क्षेत्राधिकारी (CO) सुमित पांडेय, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी और एसएसआई राजेश बिष्ट समेत भारी पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। इसके साथ ही फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि घायल का अस्पताल में उपचार जारी है और मामले की हर पहलू से जांच-पड़ताल की जा रही है। वारदात के बाद से ही आरोपी प्रधान पति फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

