
भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह; बधाई देने वालों का लगा तांता
राजू अनेजा, काशीपुर।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काशीपुर के विधायक त्रिलोक सिंह चीमा को गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय की माननीय प्रबंध परिषद (Board of Management) का सदस्य मनोनीत किया है। इस नियुक्ति की घोषणा होते ही काशीपुर सहित पूरे क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। विधायक आवास पर शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा रहा और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर खुशी का इजहार किया।
किसानों, युवाओं और कृषि अनुसंधान के लिए पूरी निष्ठा से करूंगा कार्य : चीमा
नवनियुक्त सदस्य विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए केवल सम्मान नहीं, बल्कि किसानों, युवाओं, कृषि शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि वह प्रबंध परिषद के सदस्य के रूप में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा विश्वविद्यालय की प्रगति, कृषि नवाचार और किसान हितों के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
कुलपति और विश्वविद्यालय प्रशासन का भी जताया आभार
विधायक चीमा ने विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप एवं विश्वविद्यालय प्रशासन का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और विश्वास से कृषि शिक्षा, शोध एवं किसानों के हित में सकारात्मक कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल
चीमा की नियुक्ति को भाजपा कार्यकर्ताओं ने काशीपुर के लिए सम्मान बताया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि इससे क्षेत्र की समस्याओं और किसानों के हितों को विश्वविद्यालय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने का अवसर मिलेगा। नियुक्ति की सूचना मिलते ही भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और समर्थक विधायक को बधाई देने पहुंचने लगे। पूरे दिन उनके आवास पर शुभकामनाएं देने वालों का सिलसिला जारी रहा।

