मेहनत की मिसाल: ३२ सालों से ऑटो चला रहे पिता के दोनों बेटे बनेंगे डॉक्टर, बड़े के बाद अब छोटे बेटे रहबर ने क्रैक किया नीट (NEET)

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। ‘सपने किसी अभाव के मोहताज नहीं होते’— इस कहावत को सच कर दिखाया है हल्द्वानी के गौजाजाली (जोशी विहार) निवासी ऑटो चालक नदीम उद्दीन सिद्दीकी के होनहार बेटों ने। बीते ३२ वर्षों से शहर की सड़कों पर ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करने वाले नदीम के घर में आज दोहरी खुशी और जश्न का माहौल है। उनके बड़े बेटे के बाद अब छोटे बेटे रहबर सिद्दीकी ने भी नीट (NEET) परीक्षा में सफलता का परचम लहराया है। अब एक ही साधारण से घर से दो-दो डॉक्टर देश की सेवा के लिए तैयार होंगे।

नदीम के बड़े बेटे हैदर सिद्दीकी ने चार साल पहले नीट परीक्षा पास की थी और वह वर्तमान में राजकीय मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा में एमबीबीएस (MBBS) चौथे वर्ष के छात्र हैं। वहीं, उनके छोटे बेटे रहबर सिद्दीकी ने अपने दूसरे प्रयास में ५५८ अंक हासिल कर बड़े भाई के नक्शेकदम पर कदम बढ़ा दिए हैं। रहबर ने वर्ष २०२५ में ९० प्रतिशत अंकों के साथ इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। इस सफलता से मां उरूज सिद्दीकी और आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली छोटी बहन अक्षा की खुशी का ठिकाना नहीं है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी के गौला पुल से युवती ने नदी में लगाई छलांग: स्थानीय लोगों की तत्परता से बची जान, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

‘गांव के सरकारी अस्पतालों में सेवा देकर करूंगा जरूरतमंदों का इलाज’

अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के संघर्ष और गुरुजनों के मार्गदर्शन को देते हुए रहबर ने कहा, “बचपन से ही हम दोनों भाइयों का सपना डॉक्टर बनने का था। पिता ने दिन-रात ऑटो चलाकर हमें पढ़ाया। पढ़ाई के दौरान जब भी आर्थिक तंगी आई, तो हमारे स्कूल इंस्पिरेशन पब्लिक स्कूल के शिक्षकों और प्रबंधन ने हर संभव मदद की। एमबीबीएस पूरा करने के बाद मेरा मुख्य लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी अस्पतालों में सेवाएं देकर गरीब और जरूरतमंद मरीजों का इलाज करना होगा।”

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं में श्रीमद्भागवत कथा का भव्य समापन: हवन-यज्ञ और विशाल भंडारे में उमड़े श्रद्धालु, भाजपा नेता कमलेश चंदोला ने लिया आशीर्वाद

पिता बोले— ‘सफल हुई जिंदगी भर की कमाई’, आज स्कूल में होगा सम्मान

दोनों बेटों को डॉक्टर बनता देख गदगद पिता नदीम उद्दीन सिद्दीकी ने कहा— “मैंने जिंदगी भर ऑटो चलाकर जो खून-पसीना बहाया, आज मेरे बेटों ने मेरी उस मेहनत का मान रख लिया। एक पिता के लिए इससे बड़ी कोई पूंजी या खुशी नहीं हो सकती कि उसके दोनों बेटे डॉक्टर बनने जा रहे हैं।”

स्कूल परिसर में होगा भव्य नागरिक अभिनंदन:

रहबर की इस अभूतपूर्व सफलता पर इंस्पिरेशन पब्लिक स्कूल परिवार में भी काफी हर्ष व्याप्त है। विद्यालय के प्रधानाचार्य अनुराग माथुर ने बताया कि होनहार छात्र रहबर सिद्दीकी की इस उपलब्धि पर सुबह ९ बजे स्कूल परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर रहबर और उनके अभिभावकों का भव्य स्वागत व सम्मान किया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में ऐतिहासिक नंदा देवी महोत्सव की तैयारियां शुरू: १६ से २३ सितंबर तक सजेगा भव्य मंच, इस बार डीजे पर रहेगा प्रतिबंध
Ad