व्यास घाटी के गुंजी में 12 साल बाद आयोजित होगा ऐतिहासिक ‘जुम्ली हया सामो’ महोत्सव, तैयारियां तेज

खबर शेयर करें -

धारचूला। भारत-चीन और नेपाल सीमा से लगे 10,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित व्यास घाटी के गुंजी गांव में 12 साल बाद ऐतिहासिक ‘जुम्ली हया सामो’ उत्सव 8 से 10 अगस्त तक धूमधाम से मनाया जाएगा। कैलास मानसरोवर यात्रा के प्रमुख पड़ाव और भारत-चीन व्यापार की मंडी रहे गुंजी में इस महाकुंभ रूपी उत्सव को लेकर चहल-पहल चरम पर है। तीन दिवसीय इस धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन में शामिल होने के लिए देश-विदेश में कार्यरत ग्रामीण अपने पैतृक गांव पहुंचने लगे हैं, जिससे उच्च हिमालयी क्षेत्र में उत्सव का माहौल बन गया है।
तलवारों के प्रहार से होगा अत्याचारी जुम्ली राजा के बुत का अंत
उत्सव की परंपरा के अनुसार, स्थानीय अनाज ‘पलथी’ के आटे से अत्याचारी जुम्ली राजा का एक बुत बनाया जाता है, जिसमें काली बकरी का खून और अंग भरे जाते हैं। इसके बाद ऐतिहासिक अन्याय के प्रतीक इस पुतले पर सैकड़ों तलवारों से प्रहार कर इसका अंत किया जाता है। बुत से निकले खून का तिलक लगाकर ग्रामीण विजय पर्व मनाते हैं, जो मान्यतानुसार आने वाले 12 वर्षों तक क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि का अहसास कराता है। इस अवसर पर महिलाएं शगुन गीत गाती हैं और पूरे गांव में सामूहिक भोज व जश्न का आयोजन किया जाता है।
सदियों पुरानी पौराणिक और ऐतिहासिक मान्यता
प्रचलित मान्यताओं के अनुसार, सदियों पूर्व काली नदी के पार नेपाल के कौआकोट में अत्याचारी जुम्ली राजा और उसके लूटमार दल का आतंक था। लुटेरों द्वारा गुंजी के लोकप्रिय मुखिया की धोखे से हत्या किए जाने के बाद देवभूमि पर प्राकृतिक आपदाएं आने लगीं और खेत-खलिहान सूखने लगे। तब लामा धर्मगुरुओं के परामर्श पर मां काली के प्रकोप को शांत करने के लिए प्रति 12 वर्ष में अत्याचारी जुम्ली के बुत का अंत करने और विशेष पूजा-विधान की परंपरा शुरू हुई।
8 अगस्त से शुरू होंगे कार्यक्रम
12 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद इस बार 8 अगस्त की शाम से धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे। 9 अगस्त को मुख्य आकर्षण के तहत जुम्ली राजा के बुत का अंत किया जाएगा, जिसके बाद 10 अगस्त तक गांव में जश्न और सामूहिक भोज का दौर चलेगा। इस अनोखे उत्सव को देखने के लिए ग्रामीणों के साथ-साथ पर्यटकों का भी जुटना शुरू हो गया है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  तेज रफ्तार अनियंत्रित टैंकर ने स्कूली छात्रों को रौंदा, 10वीं के छात्र की दर्दनाक मौत; दो गंभीर घायल