
राजू अनेजा, काशीपुर। शहर में खाली पड़े प्लॉट अब गंदगी और बदबू के अड्डे नहीं बन सकेंगे। नगर निगम बोर्ड बैठक में इस गंभीर समस्या पर चर्चा के बाद महापौर दीपक बाली ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को ऐसे भू-स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, जिनके खाली प्लॉटों में कूड़ा जमा है या झाड़ियां उगी हुई हैं।
शुक्रवार को आयोजित बोर्ड बैठक में पार्षद मयंक मेहता ने यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि शहर के कई इलाकों में खाली प्लॉट कूड़ाघर में तब्दील हो चुके हैं। लोग रात के अंधेरे में वहां घरेलू और व्यावसायिक कचरा फेंक रहे हैं, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक में बताया गया कि कई खाली प्लॉटों में महीनों तक कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। इसके अलावा झाड़ियां और जंगली घास उगने से सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बढ़ जाता है। कई मामलों में आवारा पशुओं की मौत के बाद उनके शव भी ऐसे प्लॉटों में पड़े रहते हैं, जिससे उठने वाली दुर्गंध के कारण आसपास के लोगों का सांस लेना तक मुश्किल हो जाता है।
इस समस्या को लेकर शहरवासियों द्वारा लगातार शिकायतें की जा रही थीं। लोगों का कहना था कि खाली प्लॉटों की अनदेखी से न केवल स्वच्छता प्रभावित हो रही है बल्कि संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। बरसात के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महापौर दीपक बाली ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे सभी भू-स्वामियों को चिन्हित कर नोटिस जारी किए जाएं। यदि नोटिस के बाद भी प्लॉटों की सफाई नहीं कराई जाती है तो नगर निगम नियमानुसार कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महापौर ने सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में ऐसे खाली प्लॉटों की जानकारी नगर निगम को उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि अभियान चलाकर समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि नगर निगम स्वच्छ काशीपुर के संकल्प के साथ काम कर रहा है और शहर को कूड़ा मुक्त बनाने के लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा।
नगर निगम के इस फैसले का शहरवासियों ने स्वागत किया है। लोगों का मानना है कि यदि सख्ती से कार्रवाई हुई तो खाली प्लॉटों में फैल रही गंदगी, बदबू और अव्यवस्था से काफी हद तक राहत मिलेगी।
ताजा खबर
- हल्द्वानी में यूकेडी की संवाद बैठक आयोजित, आगामी ‘उत्तराखंड संकल्प यात्रा’ और 2027 चुनाव की रणनीतियों पर मंथन
- बिन्दुखत्ता में 19 और 20 सितम्बर को धूमधाम से मनाया जाएगा भव्य ‘माँ नन्दा सुनन्दा महोत्सव 2026’
- पीएम मोदी के जन्मदिन पर द्रोणा सागर में गूंजा सेवा का संकल्प,महापौर की अगुवाई में निगम ने चलाया स्वच्छता अभियान , हजारों दीयों से रोशन हुआ पौराणिक स्थल
- प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर निकली भव्य शोभायात्रा, संत विकास नाथ ने धामी सरकार के कार्यों को भी खूब सराहा
- विश्वकर्मा जयंती पर भक्तिमय रहा नैनीताल आंचल दुग्ध संघ प्लांट परिसर, सुंदरकांड, हवन-यज्ञ और आरती से गूंजी दुग्धशाला
- कोलकाता में चमके हल्द्वानी के शटलर सार्थक जोशी, ऑल इंडिया अंडर-13 बैडमिंटन में जीता एकल और युगल का खिताब
- पीएम मोदी के जन्मदिन पर प्रहलाद नगरी जन कल्याण समिति ने दी शुभकामनाएं, शिवम द्विवेदी बोले— ‘प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वैश्विक पटल पर महाशक्ति बन रहा भारत’
- विश्वकर्मा जयंती पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं, शिल्पियों और श्रमवीरों के योगदान को सराहा
- पिथौरागढ़: एनएच पर घाट बैंड के पास भूस्खलन का खतरा, शाम 6 से सुबह 6 बजे तक यातायात पर लगा पूर्ण प्रतिबंध
- हल्द्वानी में दो अलग-अलग जगहों पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिले दो शव, पुलिस जांच में जुटी

