
टनकपुर/हल्द्वानी:
उत्तराखंड के टनकपुर से इस वर्ष की पवित्र कैलाश मानसरोवर यात्रा आगामी 5 जुलाई से विधिवत रूप से शुरू होने जा रही है। यात्रा का पहला दल 4 जुलाई की शाम को ही टनकपुर स्थित टीआरसी (पर्यटन आवास गृह) गेस्ट हाउस पहुंच जाएगा। इस प्रतिष्ठित धार्मिक यात्रा को सुगम, सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए कुमाऊं आयुक्त व मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत की अध्यक्षता में हल्द्वानी कैंप कार्यालय में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में रावत ने संबंधित अधिकारियों को यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए की गई सभी व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर व पुख्ता करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
18 दिनों की होगी यात्रा, मुख्यमंत्री रवाना करेंगे पहला दल
मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार बृजवाल ने बताया कि 5 जुलाई को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी श्रद्धालुओं के प्रथम दल को हरी झंडी दिखाकर टीआरसी टनकपुर से लिपुलेख-गुंजी के रास्ते कैलाश मानसरोवर के लिए रवाना करेंगे। टीआरसी के प्रबंधक मनोज कुमार के अनुसार, इस बार यात्रा के लिए कुल 10 दल रवाना होंगे और प्रत्येक दल में लगभग 50 श्रद्धालु शामिल होंगे। टनकपुर से शुरू होने वाली यह पूरी यात्रा 18 दिनों की होगी। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्ष 2025 में पहली बार इस मार्ग से यात्रा का शुभारंभ किया था, जिसके तहत पिछले वर्ष 5 दलों के कुल 237 यात्रियों ने बाबा बर्फानी और पवित्र कैलाश के दर्शन किए थे।
ऐसा रहेगा यात्रा का पूरा शेड्यूल और रूट
पहले दल के सभी 50 सदस्य 30 जून को दिल्ली में एकत्रित होंगे, जिसके बाद 1 और 2 जुलाई को दिल्ली व आईटीबीपी कैंप में उनके मेडिकल और वीजा की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 3 जुलाई को शुल्क आदि जमा होने के बाद यह दल 4 जुलाई को टनकपुर पहुंचेगा। 5 जुलाई को टनकपुर से रवाना होकर यह दल उसी शाम धारचूला पहुंचेगा, जिसके बाद गुंजी और नाभीडांग होते हुए यात्री चीन (तिब्बत) की सीमा में प्रवेश करेंगे। शेड्यूल के अनुसार, दूसरा दल 8 जुलाई, तीसरा 12 जुलाई, चौथा 16 जुलाई, पांचवां 20 जुलाई, छठा 24 जुलाई, सातवां 28 जुलाई, आठवां 1 अगस्त, नौवां 5 अगस्त और आखिरी 10वां दल 9 अगस्त को टनकपुर पहुंचेगा। सभी दल रात में टनकपुर में विश्राम करने के बाद अगले दिन आगे के सफर के लिए प्रस्थान करेंगे।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

