
राजू अनेजा,काशीपुर। जसपुर-काशीपुर हाईवे पर थार और स्कॉर्पियो वाहनों के काफिले के साथ स्टंटबाजी और यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने वाले युवकों पर काशीपुर पुलिस ने कड़ा शिकंजा कस दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने सभी वाहनों और उनके चालकों की पहचान कर उन्हें कोतवाली तलब किया। यहां उनसे भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा न करने का लिखित माफीनामा लिया गया और मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 8 जुलाई को जसपुर-काशीपुर हाईवे पर कुछ युवक थार और स्कॉर्पियो वाहनों में सवार होकर झुंड बनाकर चल रहे थे। इस दौरान वे यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए अन्य वाहन चालकों के लिए भी खतरा पैदा कर रहे थे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर के निर्देश पर काशीपुर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
जांच के दौरान वायरल वीडियो के आधार पर सभी संबंधित वाहनों और उनके चालकों की पहचान की गई। शुक्रवार को सभी वाहनों को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर वाहन चालकों को कोतवाली बुलाया। पूछताछ के दौरान उनसे भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही और स्टंटबाजी न करने का लिखित माफीनामा लिया गया।
इसके बाद सभी वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में यदि किसी भी व्यक्ति द्वारा हाईवे पर स्टंटबाजी, रेसिंग, ओवरस्पीडिंग या यातायात नियमों का उल्लंघन किया गया तो उसके खिलाफ और भी कड़ी वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जनता से पुलिस की अपील
काशीपुर पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि कुछ मिनटों का रोमांच किसी की भी जिंदगी पर भारी पड़ सकता है। हाईवे पर लापरवाही, स्टंटबाजी और ओवरस्पीडिंग न केवल चालक बल्कि अन्य निर्दोष लोगों की जान भी जोखिम में डालती है। सभी वाहन चालक निर्धारित गति सीमा का पालन करें, यातायात नियमों का सम्मान करें और सड़क सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता बनाएं।
वायरल वीडियो बना कार्रवाई की वजह
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो ने पुलिस को कार्रवाई के लिए ठोस आधार दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क पर हुड़दंग, स्टंटबाजी और कानून तोड़ने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ऐसे मामलों में वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर भी कार्रवाई की जाएगी।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

