
अधिकारियों संग किया स्थलीय निरीक्षण, बोले- द्रोणासागर को बनाएंगे स्वच्छ, सुंदर और विश्वस्तरीय धार्मिक-पर्यटन स्थल
राजू अनेजा, काशीपुर। काशीपुर की ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहर द्रोणासागर के कायाकल्प की कवायद अब तेज होती नजर आ रही है। महापौर दीपक बाली गुरुवार को नगर निगम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ द्रोणासागर पहुंचे और प्रस्तावित विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर पूरे क्षेत्र के विकास का रोडमैप तैयार कराया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तय समय सीमा के भीतर कार्ययोजना तैयार कर अमल में लाई जाए।
द्रोणासागर को मिलेगी नई पहचान
निरीक्षण के दौरान महापौर दीपक बाली ने कहा कि द्रोणासागर केवल एक धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि काशीपुर की ऐतिहासिक पहचान भी है। नगर निगम का प्रयास है कि इस स्थल को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त विकसित किया जाए, ताकि स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि द्रोणासागर के सौंदर्यीकरण, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, हरियाली, बैठने की व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए व्यापक योजना तैयार की जा रही है।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
महापौर ने निरीक्षण के दौरान प्रस्तावित विकास कार्यों का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ प्राथमिकता के आधार पर कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे कराए जाएंगे।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
महापौर ने कहा कि द्रोणासागर के विकसित होने से काशीपुर में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी। इससे न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा। नगर निगम की प्राथमिकता है कि द्रोणासागर को ऐसा स्वरूप दिया जाए, जिस पर पूरे शहर को गर्व हो।
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
स्थलीय निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, कुमाऊं मंडल विकास निगम के सहायक अभियंता मनोज मासीवाल, जिला पर्यटन विकास अधिकारी लता बिष्ट, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल, सफाई निरीक्षक गणेश ध्यानी, जूनियर इंजीनियर अभिषेक, पटवारी दिलशाद सहित नगर निगम एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने प्रस्तावित विकास कार्यों पर महापौर को विस्तृत जानकारी भी दी।
जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का दावा
महापौर दीपक बाली ने कहा कि नगर निगम शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के साथ-साथ उनके आधुनिक विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। द्रोणासागर का कायाकल्प इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा, जिससे आने वाले समय में यह स्थल काशीपुर की नई पहचान बनकर उभरेगा।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

