उत्तरकाशी के लाल ग्रुप कैप्टन गौरव कुंडलिया सम्मानित: ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में उत्कृष्ट सेवा के लिए मिला ‘मेंशन-इन-डिस्पैच’, जनपद में खुशी की लहर

खबर शेयर करें -

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जनपद के ज्ञानसू निवासी और भारतीय वायुसेना में कार्यरत ग्रुप कैप्टन गौरव कुंडलिया को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान उनकी सराहनीय एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति की ओर से ‘मेंशन-इन-डिस्पैच’ (M-in-D) सम्मान से नवाजा गया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण और कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत सहित जिले के तमाम गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
मिग-21 और सुखोई उड़ाने का अनुभव, एनडीए से पासआउट हैं गौरव
उत्तरकाशी जिला मुख्यालय के ज्ञानसू निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक दंपती प्रभाकर कुंडलिया व संपत्ति कुंडलिया के सुपुत्र गौरव कुंडलिया ने मसीह दिलासा स्कूल से शुरुआती शिक्षा ग्रहण की। इसके बाद वर्ष 2003 में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) से पासआउट होकर उन्होंने 2004 में भारतीय वायुसेना में बतौर फाइटर पायलट कमीशन प्राप्त किया।
ग्रुप कैप्टन गौरव कुंडलिया को मिग-21 और सुखोई जैसे उन्नत फाइटर जेट उड़ाने का विशाल अनुभव है। वे उड़ान प्रशिक्षण अकादमी में प्रशिक्षक (इन्स्ट्रक्टर) के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ में यूएवी यूनिट का किया था सफल नेतृत्व
गत वर्ष संचालित ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान ग्रुप कैप्टन गौरव ने वायुसेना के एक अग्रिम बेस पर यूएवी (UAV) यूनिट का अत्यंत कुशलता और साहस के साथ सफल नेतृत्व किया था। स्वायत्त हवाई वाहनों पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भी उन्हें विशेष व्याख्यान के लिए आमंत्रित किया जा चुका है।
गौरव के बड़े भाई कर्नल सौरभ कुंडलिया भी भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दो-दो बेटों के देश सेवा में उत्कृष्ट योगदान से कुंडलिया परिवार सहित पूरे उत्तरकाशी जनपद में गर्व और खुशी का माहौल है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  पांच फतह के बाद गदरपुर से जीत का छक्का जड़कर, क्या अरविंद पांडे प्रदेश में रचेंगे नया इतिहास?