हल्द्वानी के राजपुरा में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई; झोलाछाप डॉक्टरों और अवैध मेडिकल स्टोरों के खिलाफ छापेमारी, 7 प्रतिष्ठान सील
हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर में लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले झोलाछाप डॉक्टरों और अवैध रूप से संचालित मेडिकल स्टोरों के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया है। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी के नेतृत्व में ड्रग्स विभाग की संयुक्त टीम ने राजपुरा इलाके में ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए सात क्लीनिकों और मेडिकल स्टोरों को सील कर दिया है। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अवैध क्लीनिक संचालकों में हड़कंप मच गया है।
बिना लाइसेंस और नियमों के विपरीत हो रहा था इलाज
प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि शहर के कई इलाकों में बिना किसी वैध अनुमति के अवैध क्लीनिक चलाए जा रहे हैं और मरीजों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा है। इन्हीं शिकायतों का संज्ञान लेते हुए सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और ड्रग्स विभाग की टीम ने राजपुरा क्षेत्र के कई चिकित्सा प्रतिष्ठानों और मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान टीम को कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं। कई जगहों पर बिना लाइसेंस के धड़ल्ले से दवाइयों का वितरण किया जा रहा था, तो वहीं कुछ स्थानों पर आयुर्वेदिक योग्यता वाले डॉक्टर एलोपैथिक दवाइयों से मरीजों का इलाज करते हुए पाए गए। प्रशासन की अचानक हुई इस रेड से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और कार्रवाई की भनक लगते ही कई झोलाछाप डॉक्टर अपने ताले बंद कर मौके से फरार हो गए।
पूर्व की घटनाओं के बाद प्रशासन हुआ और सख्त
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि पूर्व में एक झोलाछाप डॉक्टर द्वारा गलत इलाज किए जाने के कारण एक महिला की मौत का गंभीर मामला सामने आया था। उस घटना के बाद से प्रशासन ऐसे अवैध संचालकों के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है। पिछली कार्रवाई के दौरान भी 8 झोलाछाप डॉक्टरों के प्रतिष्ठानों को सील किया गया था, और अब इस ताजा कार्रवाई में 7 और प्रतिष्ठानों पर तालेड़े गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

