यूकेडी में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल: केंद्रीय उपाध्यक्ष आशुतोष नेगी पदमुक्त, पूर्व कैप्टन राकेश ध्यानी 6 साल के लिए निष्कासित
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्य क्षेत्रीय दल उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) ने पार्टी के भीतर अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ा कदम उठाया है। शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर पार्टी ने अपने केंद्रीय उपाध्यक्ष आशुतोष नेगी को पदमुक्त कर दिया है। इसके साथ ही दल के प्रति अनुचित व्यवहार के चलते पूर्व कैप्टन राकेश ध्यानी को 6 वर्षों के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया है।
यूकेडी के केंद्रीय महामंत्री एवं कार्यालय प्रभारी देव चंद उत्तराखंडी द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, केंद्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर आशुतोष नेगी को तत्काल प्रभाव से केंद्रीय उपाध्यक्ष पद और अन्य सभी सांगठनिक दायित्वों से मुक्त किया जाता है। आशुतोष नेगी करीब दो वर्ष पूर्व यूकेडी में शामिल हुए थे और उन्होंने जन सरोकारों से जुड़े कई मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए संगठन में नई ऊर्जा भरने का प्रयास किया था। पत्र में उल्लेख किया गया है कि पार्टी उनके योगदान के लिए आभारी है और भविष्य में उनके कार्यों को ध्यान में रखते हुए किसी नई जिम्मेदारी पर विचार किया जा सकता है।
पूर्व कैप्टन राकेश ध्यानी पर गिरी अनुशासन की गाज
दूसरी ओर, यूकेडी ने सेवानिवृत्त कैप्टन राकेश ध्यानी के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। दल के अनुसार, बीते 19 जून को पदमुक्त किए जाने के बाद से पार्टी के प्रति उनका आचरण और व्यवहार संगठन के अनुकूल नहीं रहा। प्राप्त तथ्यों और दल के व्यापक हितों को ध्यान में रखते हुए शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 साल के लिए बाहर कर दिया है। इस आदेश के बाद वह यूकेडी की किसी भी संगठनात्मक गतिविधि या पद के लिए अधिकृत नहीं होंगे।
उत्तराखंड आंदोलन की ध्वजवाहक रही है यूकेडी
२५ जुलाई १९७९ को गठित उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) राज्य की प्रमुख क्षेत्रीय राजनीतिक पार्टी है। पृथक उत्तराखंड राज्य आंदोलन में इस दल की ऐतिहासिक और अग्रणी भूमिका रही है। यूकेडी का मूल ध्येय राज्य का सर्वांगीण विकास करना, स्थानीय निवासियों के जल-जंगल-जमीन के अधिकारों की रक्षा करना और पर्वतीय संस्कृति को अक्षुण्ण बनाए रखना रहा है।

