हर घर से कचरा उठाने को महापौर का महाअभियान, 80 हजार डस्टबिन वितरण के लिए वाहनों को झंडी दिखा कर किया रवाना

खबर शेयर करें -

स्वच्छ काशीपुर की दिशा में बड़ा कदम, हर घर तक पहुंचेंगे गीले और सूखे कचरे के लिए दो-दो डस्टबिन

राजू अनेजा, काशीपुर। शहर को स्वच्छ, सुंदर और कचरा मुक्त बनाने की दिशा में नगर निगम ने शुक्रवार को एक बड़े अभियान की शुरुआत कर दी। नगर निगम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में महापौर दीपक बाली और नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट ने डोर-टू-डोर डस्टबिन वितरण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अभियान के तहत नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक मकान और किरायेदार को गीले और सूखे कचरे के लिए दो अलग-अलग डस्टबिन उपलब्ध कराए जाएंगे। निगम का लक्ष्य पूरे शहर में करीब 80 हजार डस्टबिन वितरित करना है, जिससे घरों से निकलने वाले कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण हो सके।

 

वार्ड नंबर-1 से शुरू हुआ अभियान, घर-घर पहुंचेंगी निगम की टीमें

नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि अभियान की शुरुआत वार्ड नंबर-1 से की गई है। प्रतिदिन एक से दो वार्डों में निगम की टीमें घर-घर जाकर डस्टबिन वितरित करेंगी। वितरण के दौरान लोगों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के प्रति भी जागरूक किया जाएगा, ताकि वैज्ञानिक तरीके से कचरे का निस्तारण किया जा सके।

यह भी पढ़ें 👉  मां के प्रेमी ने नशीली दवाएं देकर किशोरी से महीनों किया दुष्कर्म, पीड़िता के गर्भवती होने पर खुली करतूत; पुलिस ने आरोपी नजीर को दबोचा

 

80 हजार डस्टबिन से बदलेगी काशीपुर की स्वच्छता व्यवस्था

नगर निगम का मानना है कि यदि प्रत्येक घर में अलग-अलग डस्टबिन का उपयोग शुरू हो गया तो शहर की सफाई व्यवस्था में बड़ा बदलाव आएगा। कचरा पृथक्करण से न केवल सड़कों और गलियों में गंदगी कम होगी, बल्कि कचरे के निस्तारण और पुनर्चक्रण की प्रक्रिया भी आसान होगी। इससे नगर निगम के सफाई अभियान को नई गति मिलेगी।

 

महापौर बोले— अब सड़कों पर कूड़ा फेंकने की आदत बदलनी होगी

महापौर दीपक बाली ने कहा कि नगर निगम काशीपुर को काशी की तरह स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। पिछले कुछ समय में शहरवासियों का सहयोग बढ़ा है, लेकिन अभी भी कुछ लोग सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर कूड़ा फेंक रहे हैं। उन्होंने ऐसे लोगों से अपनी आदत बदलने की अपील करते हुए कहा कि अब हर घर तक डस्टबिन पहुंचाए जा रहे हैं, इसलिए कूड़ा सड़क पर फेंकने का कोई औचित्य नहीं रह जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छ काशीपुर का सपना तभी पूरा होगा जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर बनाया आपत्तिजनक वीडियो, ब्लैकमेल कर लाखों ऐंठने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार; 1 लाख नकद और कार बरामद

 

जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की रही मौजूदगी

अभियान के शुभारंभ अवसर पर सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, पार्षद दीपा पाठक, अनिता कांबोज, वैशाली गुप्ता, राशिद फारूकी, संजय शर्मा, सतीश कुमार, कुलदीप शर्मा, बीना नेगी, शशांक गोले, सुरेश सैनी, हनीफ गुड्डू, घनश्याम सैनी, सिटी मिशन मैनेजर मोहम्मद जफर, वरिष्ठ भाजपा नेता अवनीश चौहान, ईश्वर चंद्र गुप्ता, राजीव अरोड़ा, बच्चू प्रकाश नेगी, भाव्या पांडे, सुशांत, नवीन, मुकेश पाहवा, चौधरी समरपाल सिंह, राजीव परनामी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड पुलिस में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल: PPS कैडर के 12 अफसरों के तबादले; शेखर सुयाल बने एएसपी सिटी देहरादून तो हरबंस सिंह को मिली हल्द्वानी की कमान

 

कचरा पृथक्करण से स्वच्छता सर्वेक्षण में भी मिलेगा फायदा

नगर निगम का मानना है कि घर-घर डस्टबिन वितरण और कचरा पृथक्करण की व्यवस्था लागू होने से शहर की स्वच्छता रैंकिंग में भी सुधार होगा। साथ ही लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और काशीपुर को साफ-सुथरा एवं आदर्श शहर बनाने के लक्ष्य को नई मजबूती मिलेगी।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad