किन्नरों की मनमानी पर नगर निगम का शिकंजा, अब खुशी के आयोजनों में 5100 रुपये से ज्यादा नहीं ले सकेंगे

खबर शेयर करें -


राजू अनेजा, काशीपुर। शादी, जन्मोत्सव और अन्य खुशी के मौकों पर किन्नरों द्वारा मनमाने ढंग से धनराशि मांगने की शिकायतों के बीच नगर निगम काशीपुर ने बड़ा फैसला लिया है। काशीपुर कल्याण मंच की मांग पर महापौर दीपक बाली ने बोर्ड बैठक में प्रस्ताव रखकर इस पर मुहर लगा दी। सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव के अनुसार अब किसी भी खुशी के अवसर पर किन्नर अधिकतम 5100 रुपये ही ले सकेंगे। इससे अधिक धनराशि की मांग करने अथवा अभद्र व्यवहार करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार को आयोजित नगर निगम बोर्ड बैठक में यह मुद्दा सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। लंबे समय से शहर के कई परिवारों द्वारा शिकायत की जा रही थी कि शादी, बच्चे के जन्म और अन्य मांगलिक अवसरों पर किन्नरों द्वारा निर्धारित सीमा से अधिक धनराशि की मांग की जाती है। कई बार रकम नहीं देने पर विवाद और अभद्रता की घटनाएं भी सामने आती रही हैं।
इन्हीं शिकायतों को देखते हुए काशीपुर कल्याण मंच ने इस विषय को प्रमुखता से उठाया था। मंच की मांग पर महापौर दीपक बाली ने बोर्ड बैठक में प्रस्ताव रखा, जिसे सभी पार्षदों ने सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी। निर्णय के अनुसार अब कोई भी किन्नर खुशी के अवसरों पर 5100 रुपये से अधिक की मांग नहीं कर सकेगा।
महापौर दीपक बाली ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य किसी समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं है, बल्कि आम नागरिकों को अनावश्यक दबाव और परेशानी से बचाना है। उन्होंने कहा कि कई परिवारों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया है।
बैठक में नगर आयुक्त को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश और आदेश जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रस्ताव में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई किन्नर निर्धारित राशि से अधिक की मांग करता है या पैसे नहीं मिलने पर दुर्व्यवहार करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम के इस फैसले की शहर में व्यापक चर्चा है। कई लोगों ने इसे आम नागरिकों के हित में लिया गया निर्णय बताया है, जबकि अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि नगर निगम इस व्यवस्था को जमीन पर कितनी प्रभावी ढंग से लागू कर पाता है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में स्पा सेंटर की आड़ में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़: पुलिस और एएचटीयू की संयुक्त छापेमारी, 4 गिरफ्तार; नेपाल व दिल्ली की 6 महिलाएं रेस्क्यू
Ad
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  आखिरकार सुखीजा के लिए पसीजा गढ़नेगी का दिल, 94 वोटों से जीतकर अभिषेक बने पहले चेयरमैन