नरेश पांडे दुष्कर्म प्रकरण में नया मोड़: शिकायतकर्ता युवती को पुलिस ने हिरासत में लिया, मल्लीताल कोतवाली में घंटों पूछताछ

खबर शेयर करें -

नैनीताल:

भवाली व्यापार मंडल के अध्यक्ष नरेश पांडे से जुड़े चर्चित दुष्कर्म और शारीरिक शोषण के मामले में एक नया और बेहद चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। इस प्रकरण में नरेश पांडे के खिलाफ सबसे पहले मुकदमा दर्ज कराने वाली युवती (छात्रा) को नैनीताल पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। देर शाम तक मल्लीताल कोतवाली में पुलिस के आला अधिकारियों द्वारा उससे लगातार गहन पूछताछ की जाती रही। पुलिस का कहना है कि इस पूछताछ से निकले तथ्यों के आधार पर ही मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पूरे जिले में चर्चा का विषय बना था मामला

गौरतलब है कि नैनीताल के एक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान में अध्ययनरत इस छात्रा ने भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे पर शारीरिक शोषण करने, दबाव बनाकर जबरन गर्भपात (अबॉर्शन) कराने और जान से मारने की धमकी देने समेत कई संगीन आरोप लगाए थे। युवती की तहरीर पर मल्लीताल कोतवाली में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसके बाद यह मामला पूरे जिले में भारी सुखियों में आ गया था। इस बीच आरोपी नरेश पांडे ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पहले जिला न्यायालय और बाद में उत्तराखंड हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, लेकिन दोनों ही अदालतों ने उसकी याचिका को खारिज कर दिया था।

यह भी पढ़ें 👉  देवर-भाभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज: छात्रा को नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म, फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप

हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद जेल जा चुका है आरोपी

इस बीच, एक अन्य युवती ने भी नरेश पांडे के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। दूसरी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मंगलवार की देर रात एक हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद आरोपी नरेश पांडे को गिरफ्तार कर लिया था। बुधवार को उसे जिला न्यायालय में पेश किया गया, जहां से माननीय अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

यह भी पढ़ें 👉  देवभूमि उद्यमिता योजना: तीन दिवसीय आवासीय बूट कैंप के दूसरे दिन युवाओं ने सीखे पैकेजिंग और मार्केटिंग के गुर, हुआ औद्योगिक भ्रमण

विभिन्न बिंदुओं और साक्ष्यों का मिलान कर रही पुलिस

आरोपी के जेल जाने के बाद अब पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए पहली शिकायतकर्ता युवती को हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस हाई-प्रोफाइल मामले के विभिन्न तथ्यों, उपलब्ध साक्ष्यों और दोनों पक्षों द्वारा दिए गए बयानों का आपस में मिलान किया जा रहा है। इसी क्रम में युवती से कई गोपनीय बिंदुओं पर विस्तृत पूछताछ की जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं किया है कि युवती को किस पुख्ता आधार पर हिरासत में लिया गया है और उसके खिलाफ कोई काउंटर केस दर्ज हुआ है या नहीं।

“मामले से जुड़ी संलिप्त युवती को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है और मल्लीताल कोतवाली में उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही आगे की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।”

डॉ. मंजूनाथ टीसी, एसएसपी (SSP), नैनीताल

यह भी पढ़ें 👉  रुद्रपुर: सिडकुल में माल पहुंचाने आए पंजाब के ट्रक चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, हार्ट अटैक की आशंका
Ad