नैनीताल में 1 अगस्त से लागू होगा ‘नो-हॉर्न जोन’: मॉल रोड पर हॉर्न बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध, उल्लंघन करने पर होगी सख्त कार्रवाई
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल की यातायात व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और ध्वनि प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने एक बड़ा निर्णय लिया है। आगामी 1 अगस्त से तल्लीताल डांठ से लेकर मल्लीताल रिक्शा स्टैंड तक पूरे मॉल रोड क्षेत्र में वाहनों द्वारा हॉर्न बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इस आदेश का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ‘उत्तराखंड मोटरयान नियमावली, 2011’ तथा अन्य सुसंगत धाराओं के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि यह फैसला नैनीताल उच्च न्यायालय (हाईकोर्ट) द्वारा पारित दिशा-निर्देशों के अनुपालन में लिया गया है। उत्तराखंड मोटरयान नियमावली के नियम-187 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए पूर्व में ही इस क्षेत्र को ‘नो-हॉर्न जोन’ घोषित किया जा चुका था। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में पुलिस, परिवहन, राजस्व, विकास प्राधिकरण और नगर पालिका द्वारा की जा रही तैयारियों का बिंदुवार जायजा लिया गया।
व्यापक प्रचार-प्रसार और जागरूकता अभियान के निर्देश
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 1 अगस्त से लागू होने वाले इस नियम से स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को अवगत कराने के लिए 24 जुलाई से 31 जुलाई तक विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसमें एनसीसी (NCC), एनएसएस (NSS) और ‘मेरा युवा भारत’ के स्वयंसेवकों की मदद ली जाएगी। इसके अलावा, मॉल रोड व आसपास के क्षेत्रों में बड़े डिस्प्ले, साइन बोर्ड और फ्लेक्सी लगाए जाएंगे।
नियम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उपजिलाधिकारी, सीओ और आरटीओ को व्यापार मंडल, टैक्सी एसोसिएशन, बार संघ, बोट यूनियन और डीएसए (DSA) जैसे स्थानीय संगठनों के साथ समन्वय बैठक कर सहयोग लेने के निर्देश दिए गए हैं।
सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
आदेशों का कड़ाई से पालन कराने के लिए मॉल रोड पर एक सप्ताह के भीतर विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी (CCTV) कैमरे स्थापित किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने एसडीएम नैनीताल को तत्काल स्थल सर्वे कर कैमरे लगाने के निर्देश दिए हैं, ताकि नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों का तुरंत चालान किया जा सके।
‘सौम्य और शांत वातावरण बनाए रखना प्राथमिकता’
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा— “नैनीताल देश-विदेश के पर्यटकों का पसंदीदा स्थान है। मॉल रोड की पहचान इसके शांत, प्राकृतिक और सौम्य वातावरण से है। गाड़ियों के अनावश्यक हॉर्न से होने वाला ध्वनि प्रदूषण न केवल पर्यटकों के अनुभव को खराब करता है, बल्कि स्थानीय नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर डालता है। इस पहल का उद्देश्य ध्वनि प्रदूषण पर लगाम लगाना और नैनीताल की पर्यावरणीय गरिमा को बनाए रखना है। सभी वाहन चालक प्रशासन का सहयोग करें।”
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

