कर डाली पति की हत्या, तीन साल से चल रहा था अफेयर, खुल न जाए रिश्ते का ‘राज’, क्या यही था कारण

खबर शेयर करें -
देहरादून। राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मांडुवाला के जंगल में बीते 3 अक्टूबर को मिले अधजले और कटे हुए शव की गुत्थी को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस द्वारा किए गए सनसनीखेज खुलासे के अनुसार, मृतक की पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या करने की साजिश रची थी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल की खाई में मिला था शव
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 3 अक्टूबर को प्रेमनगर पुलिस को मांडुवाला स्थित डॉल्फिन कॉलेज से सटे जंगल में एक युवक का शव खाई में पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया और शव की शिनाख्त सहरसा (बिहार) निवासी 38 वर्षीय मदन मुखिया के रूप में की। मदन वर्तमान में परिवार के साथ झाझरा (मांडुवाला) में रहकर मजदूरी का काम करता था। मृतक के गले पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान मिले थे, जिसके बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया था।
मोबाइल में मिले फोटो-वीडियो से खुला तीन साल पुराना अवैध संबंध
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने पहले संदिग्ध लल्लन शर्मा (निवासी बिहार, हाल निवासी मांडुवाला) को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में लल्लन ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया। आरोपी ने बताया कि उसका मृतक मदन की पत्नी मीना के साथ पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध चल रहा था। दो दिन पूर्व मजदूरी के दौरान मदन ने लल्लन का मोबाइल चेक कर लिया था, जिसमें उसकी पत्नी मीना और लल्लन के आपत्तिजनक फोटो व वीडियो मिल गए थे। इसके बाद मदन ने दोनों को जान से मारने और पूरे समाज में उनके रिश्ते का भांडाफोड़ करने की धमकी दी थी।
शराब पिलाने के बहाने जंगल ले जाकर गले पर रेता चाकू
भविष्य में बदनामी और पोल खुलने के डर से लल्लन और मीना ने मिलकर मदन को रास्ते से हटाने की साजिश रची। योजना के मुताबिक मीना अपने पति मदन को शराब पिलाने के बहाने डॉल्फिन कॉलेज से लगे मांडुवाला के सुनसान जंगल में ले गई। वहां मदन के अत्यधिक नशे में होने के बाद, घात लगाए बैठे प्रेमी लल्लन और पत्नी मीना ने धारदार चाकू से मदन के गले पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उन्होंने शव को खाई में फेंक दिया और खून से सना चाकू झाड़ियों में छिपाकर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  छात्रों पर पढ़ाई के बढ़ते मानसिक दबाव की दुखद परिणति: बड़ी बहन की डांट से क्षुब्ध 11वीं की छात्रा ने फ्लाईओवर से कूदकर की आत्महत्या