उत्तराखंड में 5 दिनों तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट: सीएम धामी ने अधिकारियों को दिए मुस्तैद रहने के निर्देश, केदारनाथ पैदल मार्ग पर आवागमन बहाल
देहरादून। उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में जारी मूसलाधार बारिश और मौसम विभाग द्वारा अगले कुछ दिनों के लिए जारी किए गए भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूरी तरह सतर्क मोड पर हैं। सीएम धामी ने मुख्य सचिव आनंद बर्धन और आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन को राज्य की स्थिति पर २४ घंटे कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि जहां भी भारी बारिश, भूस्खलन या सड़क जाम की समस्या उत्पन्न हो, वहां स्थानीय प्रशासन बिना किसी देरी के तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करे ताकि आम जनता और यात्रियों को कोई परेशानी न हो।
सीएम धामी ने सभी राहत व बचाव टीमों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में प्रभावित लोगों को समय पर मदद पहुंचाई जाए। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि भूस्खलन या मलबे के कारण किसी भी मार्ग के बाधित होने पर सड़कों, बिजली, पेयजल और संचार नेटवर्क जैसी आवश्यक सेवाओं को बहाल करना उनकी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके साथ ही चारधाम यात्रा मार्गों और सभी मुख्य राजमार्गों की लगातार निगरानी करने के आदेश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने स्थानीय नागरिकों और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों व तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का सख्ती से पालन करें। उन्होंने खराब मौसम के दौरान गैर-जरूरी यात्राओं से बचने और उफान पर चल रही नदियों, नालों व भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने का आग्रह किया है। किसी भी आपात स्थिति में लोग तत्काल स्थानीय प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं।
१९ से २३ जुलाई तक ५ दिनों का मौसम पूर्वानुमान (डिस्ट्रिक्ट वाइज अलर्ट)
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तराखंड के लिए पांच दिनों का गंभीर पूर्वानुमान जारी किया है, जिसके तहत राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की प्रबल संभावना है:
-
१९ और २० जुलाई: देहरादून, नैनीताल, चंपावत, ऊधमसिंह नगर, टिहरी, उत्तरकाशी, हरिद्वार, पौड़ी और बागेश्वर समेत कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
-
२१ जुलाई: देहरादून और बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी बरकरार रखी गई है।
-
२२ और २३ जुलाई: उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर समेत अन्य पर्वतीय जनपदों में भारी बारिश का सिलसिला लगातार जारी रहने की संभावना जताई गई है।
केदारनाथ पैदल मार्ग पर दोहरा आवागमन बहाल, प्रशासन मुस्तैद
लगातार हो रही बारिश के बावजूद केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। रुद्रप्रयाग के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि बारिश के कारण पैदल मार्ग के विभिन्न हिस्सों में पहाड़ियों से बोल्डर और पत्थर गिरने की घटनाएं हो रही हैं, जिससे मार्ग अस्थायी रूप से प्रभावित होता है, लेकिन मुस्तैद टीमें तत्काल कार्रवाई कर रास्ते को सुचारू कर रही हैं। वर्तमान में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए गौरीकुंड, चिरबासा, भीमबली, लिनचोली और बड़ी लिनचोली जैसे सभी संवेदनशील स्थानों पर एसडीआरएफ (SDRF), एनडीआरएफ (NDRF), डीडीआरएफ (DDRF), वाईएमएफ और न्यू टास्क फोर्स की टीमें तैनात हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए जिला प्रशासन ने केदारनाथ पैदल मार्ग को पैदल चलने वाले यात्रियों के लिए दोनों तरफ (दोहरे आवागमन) से खोल दिया है। वहीं, यात्रा मार्ग पर भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचने के लिए घोड़ा-खच्चरों के संचालन हेतु एकतरफा (One-way) व्यवस्था लागू की गई है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें


