
– मून साइन कैफे में चल रहा था अवैध हुक्का बार, मौके से हुक्के और सामान जब्त
– पुलिस बोली: हुक्के की शुरुआत बन सकती है नशे की दुनिया का पहला कदम
राजू अनेजा,काशीपुर। ऑपरेशन प्रहार के तहत काशीपुर पुलिस ने शुक्रवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए बाजपुर रोड स्थित मून साइन कैफे में संचालित अवैध हुक्का बार पर छापा मार दिया। पुलिस ने मौके पर हुक्का पीकर हुड़दंग मचा रहे 21 लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि हुक्का बार संचालक को भी हिरासत में लेकर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिलने पर पुलिस ने मून साइन कैफे में दबिश दी। छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में युवक हुक्का पीते मिले और मौके पर शोर-शराबा कर रहे थे। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर कार्रवाई की।
जांच के दौरान कैफे संचालक आसिफ पुत्र शेरखान हुक्का बार संचालन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने उसे धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया। वहीं हुक्का पीकर लोक अवदूषण फैलाने वाले अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके से हुक्के और अन्य उपकरण भी कब्जे में ले लिए हैं।
पुलिस ने मामले की रिपोर्ट उपजिलाधिकारी को भी भेजी है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध गतिविधियों और नशे को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
युवाओं को नशे से बचाने की अपील
काशीपुर पुलिस ने इस कार्रवाई के बाद अभिभावकों और नागरिकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि हुक्का बार युवाओं को धूम्रपान और नशे की ओर आकर्षित कर रहे हैं। हुक्के की लत भविष्य में स्मैक और अन्य घातक मादक पदार्थों तक पहुंचा सकती है। पुलिस ने लोगों से बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी संदिग्ध नशा संबंधी सूचना तुरंत पुलिस को देने का आह्वान किया है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

