मंगलौर (हरिद्वार)। हरिद्वार जिले की मंगलौर कोतवाली पुलिस ने गंगनहर किनारे मिली अज्ञात महिला की लाश के सनसनीखेज मामले का 18 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है, जहाँ हत्यारोपी कोई और नहीं बल्कि मृतका की सौतेली बेटी और उसका प्रेमी निकले। प्रेम संबंधों में बाधा बनने और लगातार समझाने-बुझाने से नाराज होकर सौतेली बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर मां को मौत के घाट उतारने की खौफनाक साजिश रची थी।
मंदिर ले जाने के बहाने कार में बैठाया, रास्ते में चाकू से रेता गला
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मंगलवार 18 अगस्त को मंगलौर क्षेत्र में गंगनहर किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी, जिसके गले पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए सिविल अस्पताल रुड़की की मोर्चरी में रखवाया। एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने जब क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया, तो पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठ गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी बेटी अपनी मां को बुढ़ाना (उत्तर प्रदेश) से ब्रेजा कार में यह कहकर साथ लाई थी कि वे दर्शन के लिए हरिद्वार जा रहे हैं। रास्ते में गंगनहर के पास बेटी और उसके प्रेमी ने मिलकर महिला को दबोच लिया और चाकू से गला काटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को नहर में फेंक दिया, जो किनारे पर ही अटक गया।
हरिद्वार पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 18 घंटे में दोनों आरोपी सलाखों के पीछे
मृतका के पति की तहरीर पर त्वरित मुकदमा दर्ज करने के बाद हरिद्वार पुलिस ने 18 घंटे के भीतर आरोपी सौतेली बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। एसएसपी हरिद्वार ने कम समय में अंधी हत्या का सफल पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम की सराहना की है। पुलिस फिलहाल आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें जेल भेजने की तैयारी कर रही है।


