लालकुआं। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर लालकुआं में राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। नगर कांग्रेस कमेटी लालकुआं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं और पदाधिकारियों पर बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नामों पर आधारहीन आपत्तियां दर्ज कराने का गंभीर आरोप लगाया है। पार्टी ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) लालकुआं को एक ज्ञापन सौंपा है।
बिना सत्यापन आपत्तियों से प्रभावित हो सकता है पात्रों का मताधिकार: भुवन पांडे
नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भुवन पांडे के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि भाजपा नेताओं व पदाधिकारियों—अरुण जोशी, हरीश नैनवाल, पंकज सिंह, कौशल किशोर पांडे सहित अन्य—द्वारा सुनियोजित तरीके से आपत्तियां दी गई हैं। कांग्रेस का कहना है कि यदि बिना उचित सत्यापन और ठोस आधार के ये आपत्तियां स्वीकार की गईं, तो इससे वास्तविक व पात्र नागरिकों के मताधिकार का हनन हो सकता है। पार्टी ने मांग की है कि किसी भी मतदाता का नाम हटाने से पहले उसका भौतिक और दस्तावेजी सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए।
गलत तथ्य देने वालों पर कानूनी कार्रवाई की मांग; ज्ञापन सौंपने में ये रहे मौजूद
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में किसी व्यक्ति द्वारा जानबूझकर फर्जी या भ्रामक तथ्य प्रस्तुत कर आपत्ति दर्ज कराने की पुष्टि होती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, राजनीतिक दबाव में किसी भी पात्र नागरिक का नाम न हटाने की अपील की गई है। इस दौरान नगर अध्यक्ष भुवन पांडे के अलावा नरेश चौधरी, निवर्तमान व्यापार मंडल महामंत्री दिनेश लोहनी, पूर्व सभासद दीपक बत्रा और भुवन बिष्ट सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।


