सौतेलेपन का दंश झेल रहे रामनगर-काशीपुर को आखिरकार मिली रेल सौगात, अनिल बलूनी के प्रयासों से दौड़ी देहरादून एक्सप्रेस

खबर शेयर करें -

लालकुआं-काठगोदाम को लगातार मिलती रहीं नई  ट्रेनें, वर्षों से नई रेल सेवा की आस लगाए बैठे थे रामनगर-काशीपुर के लोग

राजू अनेजा,रामनगर/काशीपुर। वर्षों से रेल सुविधाओं के मामले में खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे रामनगर और काशीपुर क्षेत्र के लोगों को आखिरकार बड़ी सौगात मिल गई। लंबे इंतजार के बाद शनिवार को रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस का शुभारंभ हो गया। क्षेत्र के लोगों का मानना है कि कुमाऊं के दूसरे हिस्सों, खासकर लालकुआं और काठगोदाम को लगातार नई रेल सेवाएं मिलती रहीं, जबकि रामनगर और काशीपुर लंबे समय तक नई ट्रेनों का इंतजार करते रहे। अब इस नई रेल सेवा के शुरू होने से वर्षों पुरानी मांग पूरी होने के साथ क्षेत्र की उम्मीदों को भी नई उड़ान मिली है।

 

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हुआ शुभारंभ, रामनगर स्टेशन से दिखाई हरी झंडी

नई रेल सेवा का शुभारंभ केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली से और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। वहीं रामनगर रेलवे स्टेशन पर पौड़ी सांसद अनिल बलूनी, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर रेलवे स्टेशन को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और बड़ी संख्या में लोग इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।

यह भी पढ़ें 👉  महापौर की शहर संवारने की मुहिम को मिला आईजीएल का साथ, अब रंग-बिरंगी रोशनी और आधुनिक फव्वारों से निखरा नजर आएगा नगर निगम परिसर

 

अनिल बलूनी के प्रयासों से मिली वर्षों पुरानी मांग को मंजूरी

रेल मंत्रालय ने ट्रेन संख्या 15310/15309 रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस के संचालन को मंजूरी दी है। इस रेल सेवा को शुरू कराने का श्रेय काफी हद तक सांसद अनिल बलूनी के लगातार प्रयासों को दिया जा रहा है। उन्होंने लंबे समय से इस मांग को रेल मंत्रालय के समक्ष प्रमुखता से उठाया था। शुभारंभ के मौके पर उन्होंने कहा कि यह केवल नई ट्रेन नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास की नई शुरुआत है।

 

लालकुआं-काठगोदाम को मिलती रहीं सौगातें, अब रामनगर-काशीपुर की आई बारी

पिछले कुछ वर्षों में कुमाऊं के लालकुआं और काठगोदाम रेलवे स्टेशनों को कई नई रेल सेवाएं और विशेष ट्रेनों की सौगात मिली। वहीं रामनगर और काशीपुर के लोगों की मांगें लंबे समय तक फाइलों में ही अटकी रहीं। देहरादून के लिए सीधी ट्रेन नहीं होने के कारण यात्रियों को मुरादाबाद या दूसरे स्टेशनों पर ट्रेन बदलनी पड़ती थी। अब पहली बार रामनगर से देहरादून के बीच सीधी एक्सप्रेस शुरू होने से इस क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

यह भी पढ़ें 👉  खनन और वन विभाग की अनूठी पहल: रामनगर की 22 हेक्टेयर वन भूमि में होगी 'संजीवनी वन' की स्थापना, मुख्यमंत्री की नीति से ₹1200 करोड़ से अधिक का राजस्व

 

काशीपुर समेत छह प्रमुख स्टेशनों को मिलेगा सीधा लाभ

रामनगर से चलने वाली यह एक्सप्रेस काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होते हुए देहरादून पहुंचेगी। इससे नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, बिजनौर, मुरादाबाद और हरिद्वार के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। विशेष रूप से काशीपुर के लोगों को अब देहरादून जाने के लिए ट्रेन बदलने की मजबूरी से राहत मिलेगी।

 

पर्यटन, व्यापार और चारधाम यात्रा को मिलेगी नई रफ्तार

रामनगर जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क का प्रवेश द्वार है। वहीं गिरिजा देवी मंदिर, सीतावनी और सीतामढ़ी जैसे धार्मिक स्थलों पर हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। नई रेल सेवा से पर्यटकों, श्रद्धालुओं और व्यापारियों को बेहतर संपर्क मिलेगा। हरिद्वार और देहरादून से चारधाम यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को भी इस ट्रेन का सीधा लाभ मिलेगा। माना जा रहा है कि इससे पर्यटन उद्योग और स्थानीय कारोबार को नई गति मिलेगी।

 

फिलहाल सप्ताह में दो दिन चलेगी एक्सप्रेस

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 15310 रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार सुबह 5:50 बजे रामनगर से रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 15309 उसी दिन दोपहर 3:55 बजे देहरादून से चलकर रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी।
ट्रेन में सेकेंड एसी, थर्ड एसी, एसी चेयर कार, स्लीपर, सेकेंड सीटिंग और सामान्य श्रेणी के कोच लगाए गए हैं, जिससे हर वर्ग के यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में रहस्यमयी पत्थरबाजी से दहशत: रात 8 बजते ही छतों पर बरसने लगते हैं पत्थर, पुलिस की कांबिंग भी बेअसर, खौफ में लोग

 

अब रोजाना संचालन और नई ट्रेनों की उम्मीद

नई रेल सेवा शुरू होने के बाद क्षेत्रवासियों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं। लोगों का कहना है कि फिलहाल सप्ताह में दो दिन मिलने वाली यह सुविधा जल्द ही प्रतिदिन होनी चाहिए। साथ ही काशीपुर और रामनगर से देश के अन्य महानगरों के लिए भी नई ट्रेनों का संचालन किया जाना चाहिए, ताकि वर्षों से महसूस की जा रही रेल सुविधाओं की कमी पूरी तरह दूर हो सके।

Ad