नैनीताल में कल भारी बारिश का ‘रेड अलर्ट’: 10 जुलाई को कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद

नैनीताल:
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी के बाद नैनीताल जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। जिला मजिस्ट्रेट और जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (नैनीताल) के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत एक बड़ा आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, कल यानी 10 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को जनपद के समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 01 से 12 तक) के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय पूर्ण अवकाश घोषित किया गया है।
मौसम विभाग की ‘रेड अलर्ट’ की चेतावनी, भूस्खलन का खतरा
मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा 9 जुलाई 2026 को जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, नैनीताल जिले में 10 जुलाई को भारी से बहुत भारी वर्षा का ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है। जिला मजिस्ट्रेट ललित मोहन रयाल ने बताया कि वर्तमान में जिले के पर्वतीय और मैदानी दोनों क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। इसके फलस्वरूप जिले की नदियों, नालों और गधेरों में जल प्रवाह अत्यधिक तेज होने तथा संवेदनशील पहाड़ी रास्तों व स्थलों पर भूस्खलन (लैंडस्लाइड) होने की तीव्र संभावना बनी हुई है। किसी भी अप्रिय घटना या दुर्घटना से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
लापरवाही बरतने वाले संस्थानों पर होगी सख्त कार्रवाई
जिला प्रशासन ने इस आदेश को कड़ाई से लागू करने के निर्देश दिए हैं। जिला मजिस्ट्रेट ने मुख्य शिक्षाधिकारी (CEO) और जिला कार्यक्रम अधिकारी (नैनीताल) को स्पष्ट आदेश दिए हैं कि जिले के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी व निजी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में इस आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आदेश का उल्लंघन या लापरवाही बरतने वाले प्रबंधकों व संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध तत्काल सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

