रुद्रपुर: फांसी के फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव, ब्लैकमेलिंग से तंग आकर आत्महत्या का आरोप

खबर शेयर करें -

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र की तपस्या विहार कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 36 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में अपने घर के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना के समय मृतका के पति योगेश सिंह सोलंकी अपने दोनों बच्चों के साथ बाजार गए हुए थे। जब वे घर वापस लौटे तो उन्होंने अपनी पत्नी को कमरे में पंखे पर चुन्नी के सहारे लटका पाया। आनन-फानन में पड़ोसियों की मदद से महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

यह भी पढ़ें 👉  दो तिहाई भाजपा विधायकों पर टिकट संकट! 32 सीटों पर नए चेहरों की तैयारी, धामी के लिए भी सुरक्षित सीट की तलाश

युवक पर ब्लैकमेलिंग और मानसिक उत्पीड़न का आरोप

कोटद्वार स्थित एक फार्मा कंपनी में कार्यरत मृतका के पति योगेश सिंह सोलंकी ने पुलिस को दी जानकारी में गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले कई दिनों से एक अज्ञात युवक उनकी पत्नी को फोन कर ब्लैकमेल कर रहा था, जिसके चलते वह काफी समय से अत्यधिक मानसिक तनाव में चल रही थीं। इसी तनाव के कारण उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।

यह भी पढ़ें 👉  नगर पंचायत लालकुआं में तीन नए मनोनीत सभासदों ने ली शपथ, अध्यक्ष ने जनहित को प्राथमिकता देने का किया आह्वान

पोस्टमार्टम और कॉल डिटेल की जांच में जुटी पुलिस

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पति द्वारा लगाए गए ब्लैकमेलिंग के आरोपों को भी जांच में शामिल कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मृतका के मोबाइल की कॉल डिटेल (CDR) और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की गहनता से पड़ताल की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  प्रहलाद नगरी जन कल्याण समिति ने जिला कारागार में किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण और पौधों की देखभाल का लिया संकल्प
Ad