
रातभर जन्मदिन की खुशियों में डूबा रहा परिवार, सुबह अलार्म बजा तो हमेशा के लिए खामोश मिला कमल
राजू अनेजा,लालकुआं। गुरुवार रात तक जिस घर में जन्मदिन के गीत गूंज रहे थे, वहीं शुक्रवार सुबह चीख-पुकार और मातम का माहौल था। पत्नी को जन्मदिन का सरप्राइज देने हरिद्वार से छुट्टी लेकर घर आया 30 वर्षीय कमल आर्य खुद ऐसा दर्द दे जाएगा, इसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। रातभर परिवार के साथ जन्मदिन मनाने के बाद कमल सोया तो फिर कभी नहीं जागा। सुबह मोबाइल का अलार्म बजता रहा, लेकिन उसकी आंखें नहीं खुलीं। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत की वजह साइलेंट हार्ट अटैक मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।
पत्नी के चेहरे पर मुस्कान लाने हरिद्वार से पहुंचा था घर
हल्दूचौड़ (दीना डी क्लास) निवासी कमल आर्य (30) हरिद्वार स्थित हीरो कंपनी में कार्यरत था। उसकी शादी इसी वर्ष 30 अप्रैल को बिंदुखत्ता निवासी युवती से हुई थी। शादी के बाद पत्नी का यह पहला जन्मदिन था। इसे यादगार बनाने के लिए कमल ने छुट्टी ली और बिना बताए पत्नी को सरप्राइज देने घर पहुंच गया। पति को अचानक सामने देखकर पत्नी की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। पूरे परिवार ने भी इस पल को यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
रातभर गूंजती रहीं हंसी-खुशी, किसी ने नहीं सोचा था कि यह आखिरी रात होगी
गुरुवार रात पूरे परिवार ने मिलकर जन्मदिन मनाया। केक काटा गया, हंसी-मजाक हुआ और सभी ने साथ बैठकर भोजन किया। घर में खुशियों का माहौल था। कमल ने परिवार से कहा कि सुबह जल्दी निकलना है, क्योंकि उसे लालकुआं से सुबह छह बजे की ट्रेन पकड़कर हरिद्वार ड्यूटी पर लौटना है। उसने मोबाइल में अलार्म लगाया और पत्नी से भी समय पर जगा देने को कहा। किसी को क्या पता था कि यह परिवार के साथ बिताई उसकी आखिरी रात होगी।
सुबह अलार्म बजता रहा, लेकिन कमल की नींद कभी नहीं टूटी
शुक्रवार सुबह तय समय पर मोबाइल का अलार्म बजा। पत्नी ने पहले आवाज लगाई, फिर उसे हिलाकर जगाने की कोशिश की, लेकिन कमल के शरीर में कोई हरकत नहीं हुई। घबराई पत्नी ने शोर मचाया तो परिजन दौड़कर कमरे में पहुंचे। सभी ने उसे जगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। कुछ ही देर में उसे हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद कमल को मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। कुछ घंटे पहले तक जिस घर में जन्मदिन की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ था। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि परिजन इस सदमे से उबर नहीं पा रहे हैं।
साइलेंट हार्ट अटैक की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
डॉक्टरों के अनुसार प्रथम दृष्टया कम उम्र में हुई इस अचानक मौत की वजह साइलेंट हार्ट अटैक हो सकती है। हालांकि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
महज ढाई महीने पहले बंधे थे सात फेरों के बंधन में
कमल की शादी को अभी ढाई महीने भी पूरे नहीं हुए थे। नई-नई गृहस्थी बसाने और भविष्य के सपने संजोने वाले इस दंपति की खुशियां एक ही रात में बिखर गईं। परिवार के सबसे छोटे बेटे की असमय मौत ने पूरे घर को गहरे सदमे में डाल दिया।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

