लालकुआं (नैनीताल)। सेंचुरी पल्प एंड Paper मिल के देश के प्रतिष्ठित औद्योगिक समूह ‘आईटीसी लिमिटेड’ (ITC Limited) द्वारा अधिग्रहण किए जाने पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहन कुड़ाई ने गहरा हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह कदम न सिर्फ लालकुआं, बल्कि पूरे कुमाऊं क्षेत्र के औद्योगिक और आर्थिक विकास के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
श्रमिकों के हितों की रक्षा और पलायन पर रोक
प्रेस को जारी बयान में वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहन चंद्र कुड़ाई ने कहा कि सेंचुरी मिल इस क्षेत्र की जीवन रेखा रही है। पिछले कुछ समय से मिल के भविष्य को लेकर बनी अनिश्चितता अब आईटीसी समूह के आने से पूरी तरह समाप्त हो गई है। उन्होंने कहा कि इस अधिग्रहण से सैकड़ों कुशल व अकुशल श्रमिकों को सुरक्षित रोजगार मिलेगा, जिससे उत्तराखंड से हो रहे पलायन पर प्रभावी रोक लगेगी और स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में बेहतर भविष्य मिलेगा।
स्व. एन. डी. तिवारी जी की दूरदर्शी सोच का परिणाम
विशेष तौर पर इस मोड़ पर क्षेत्र के महान नेता को याद करते हुए श्री मोहन चंद्र कुड़ाई ने कहा, “यह मिल केवल एक औद्योगिक इकाई नहीं है, बल्कि उत्तराखंड के विकास पुरुष और हमारे पूर्व मुख्यमंत्री स्व. नारायण दत्त तिवारी जी की उस दूरदर्शी सोच (Vision) का जीवंत प्रतीक है, जो उन्होंने दशकों पहले इस क्षेत्र के आर्थिक उत्थान के लिए देखी थी”। उन्होंने कहा कि तिवारी जी ने लालकुआं को कुमाऊं का औद्योगिक केंद्र बनाने का जो सपना संजोया था, इस मिल की स्थापना उसमें सबसे मजबूत स्तंभ थी। आज ITC जैसी बड़ी कंपनी के हाथों में इसकी कमान आने से तिवारी जी के उस ऐतिहासिक विजन को एक नया विस्तार और आधुनिक उड़ान मिलेगी।
स्थानीय युवाओं को वरीयता और अर्थव्यवस्था को नई गति
मोहन कुड़ाई ने सरकार और आईटीसी प्रबंधन से पुरजोर मांग की है कि मिल में सृजित होने वाले नए रोजगारों, तकनीकी पदों और अनुबंधित कार्यों में स्थानीय बेरोजगार युवाओं को पहली वरीयता दी जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि आईटीसी के वैश्विक प्रबंधन से मिल उत्पादन के नए कीर्तिमान स्थापित करेगी, जिससे न केवल प्रत्यक्ष रोजगार बढ़ेगा बल्कि स्थानीय व्यापारियों, ट्रांसपोर्टरों और छोटे दुकानदारों की अर्थव्यवस्था को भी जबरदस्त रफ्तार मिलेगी।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें


